ब्रिटेन में सत्ता परिवर्तन के तहत लेबर पार्टी के नवनिर्वाचित नेता एंडी बर्नहैम ने सोमवार को देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया. किंग चार्ल्स तृतीय ने 56 वर्षीय बर्नहैम को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया. यह घटनाक्रम निवर्तमान प्रधानमंत्री सर कीर स्टार्मर के इस्तीफा देने के तुरंत बाद हुआ, जिसके साथ ही औपचारिक रूप से सत्ता का हस्तांतरण पूरा हो गया.
बकिंघम पैलेस के प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार सुबह कीर स्टार्मर ने किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात कर प्रधानमंत्री और ट्रेजरी के प्रथम लॉर्ड के पद से अपना इस्तीफा सौंपा. किंग ने उनके इस्तीफे को स्वीकार कर लिया. इसके बाद किंग ने एंडी बर्नहैम को सरकार बनाने का न्योता दिया. एंडी बर्नहैम पिछले सप्ताह लेबर पार्टी के नेता निर्विरोध चुने गए थे.
प्रधानमंत्री पद संभालने के साथ ही उनके जल्द अपने मंत्रिमंडल की घोषणा करने की उम्मीद है. बर्नहैम ने देश में 'स्थिर और जिम्मेदार राजनीति' का माहौल लाने का वादा किया है. वह पिछले चार वर्षों में ब्रिटेन के पांचवें प्रधानमंत्री बने हैं, जो हाल के वर्षों में ब्रिटिश राजनीति में लगातार हो रहे नेतृत्व परिवर्तन को दर्शाता है.
इससे पहले कीर स्टार्मर ने प्रधानमंत्री आवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट से देश को अपना अंतिम संबोधन दिया. इसके बाद वह औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंपने के लिए बकिंघम पैलेस रवाना हुए. अपने विदाई भाषण में स्टार्मर ने कहा, 'मेरा काम पूरा हो गया है.' उन्होंने कहा कि अब वह लीडरशिप की जिम्मेदारी एंडी बर्नहैम को सौंप रहे हैं और उन्हें अपना पूरा समर्थन देंगे.
63 वर्षीय लेबर सांसद स्टार्मर ने पिछले महीने प्रधानमंत्री पद छोड़ने के फैसले का ऐलान किया था. उन्होंने कहा, 'मैं पूरी सहजता, मुस्कान और गर्व के साथ जा रहा हूं. हमने जो कुछ हासिल किया है, उस पर मुझे गर्व है. अब मैं नेतृत्व की मशाल एंडी बर्नहैम को सौंप रहा हूं.'
स्टार्मर की लास्ट स्पीच के बाद उनके कैबिनेट सहयोगी और प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर खड़े होकर तालियों के साथ उन्हें विदाई दी. यह उनके दो वर्ष के कार्यकाल का समापन था. कीर स्टार्मर जुलाई 2024 के आम चुनाव में लेबर पार्टी को ऐतिहासिक और प्रचंड बहुमत दिलाकर सत्ता में लाए थे.
उनके नेतृत्व में पार्टी ने लंबे समय बाद कंजर्वेटिव पार्टी को सत्ता से बाहर किया था. हालांकि, करीब दो साल बाद उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया और अब पार्टी की कमान एंडी बर्नहैम के हाथों में आ गई है.
नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम के सामने ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था, महंगाई, सार्वजनिक सेवाओं में सुधार और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से निपटना प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी. उनके शुरुआती फैसलों और नई कैबिनेट के गठन पर अब पूरे ब्रिटेन और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें टिकी हुई हैं.