पश्चिम बंगाल के मालदा में एक बाग में आम बीनते वक्त देसी बम फटने से तीन बच्चे घायल होने की घटना से स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया. मंगलवार को हुई इस घटना में एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने बताया कि इस भीषण हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंची टीम ने छानबीन शुरू की.
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ये घटना इंग्लिश बाजार पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत बहन्नाबिघा इलाके में हुई, जहां बच्चे आम तोड़ने के लिए बगीचे में गए थे.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बच्चे हर रोज की तरह बाग में आम बीन रहे थे, तभी उनमें से एक बच्चे ने फल जैसी दिखने वाली एक चीज उठाई और उसे अपने बैग में रखने की कोशिश की.
पुलिस ने बताया कि वह चीज असल में एक देसी बम थी और छूते ही फट गई.
इस दर्दनाक हादसे में घायल हुए तीन बच्चों में से एक की पहचान दीप रॉय के रूप में की गई है. पुलिस अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक, दीप रॉय सातवीं कक्षा का छात्र है, जो इस अचानक हुए क्रूड बम विस्फोट में सबसे गंभीर रूप से जख्मी हुआ है. उसे इलाज के लिए तुरंत मालदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
उन्होंने कहा कि इस बात का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है कि विस्फोटक सामग्री बाग तक कैसे पहुंची.
अधिकारी ने कहा, 'घटनास्थल से ताश के पत्तों का एक पैकेट और माचिस की डिब्बी मिली है. हम इस मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं.'