scorecardresearch
 

PM मोदी के दौरे से पहले बदला तारकेश्वर मंदिर का रंग, नीले-सफेद की जगह हुआ गेरुआ-सफेद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 20 जून के दौरे से पहले पश्चिम बंगाल के ऐतिहासिक तारकेश्वर मंदिर को भगवा और सफेद रंग से सजाया जा रहा है. पहले मंदिर का रंग नीला-सफेद था, जिसे अब बदला जा रहा है.

Advertisement
X
शुभेंदु अधिकारी की टिप्पणी के बाद बदलेगा मंदिर का रूप (Photo: ITG)
शुभेंदु अधिकारी की टिप्पणी के बाद बदलेगा मंदिर का रूप (Photo: ITG)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले पश्चिम बंगाल के ऐतिहासिक तारकेश्वर मंदिर को एक नया रूप दिया जा रहा है. इस ऐतिहासिक तारकनाथ मंदिर को अब गेरुआ और सफेद रंग से सजाया जा रहा है. इससे पहले इस मंदिर का रंग नीला और सफेद हुआ करता था.

मंदिर के रंग में ये बदलाव मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की टिप्पणी के बाद किया गया है. उन्होंने 2 जून को तारकेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना के दौरान कहा था कि मंदिर का मौजूदा रंग इसकी आध्यात्मिक पहचान से मेल नहीं खाता. उनकी इस टिप्पणी के बाद मंदिर के सौंदर्यीकरण का काम शुरू हुआ और अब पूरे मंदिर में रंग-रोगन का काम तेजी से चल रहा है.

गेरुआ रंग को लेकर दी गई सफाई

मंदिर के इस नए लुक को लेकर स्थानीय लोग, पुजारी और श्रद्धालु काफी उत्साहित हैं. उनका मानना है कि गेरुआ रंग मंदिर की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान को और ज्यादा निखारता है.

दूसरी तरफ, इस बदलाव को लेकर ये सफाई भी दी गई है कि गेरुआ किसी राजनीतिक दल का रंग नहीं है, बल्कि ये आध्यात्मिकता, त्याग और सनातन संस्कृति का प्रतीक है. नेताओं और मंदिर से जुड़े लोगों का कहना है कि हमारे मंदिरों का स्वरूप भी इसी भावना को दर्शाने वाला होना चाहिए, इसीलिए तारकेश्वर मंदिर को गेरुआ-सफेद रंग में रंगा जा रहा है.

Advertisement

पीएम मोदी के आगमन को लेकर तैयारियां तेज

हाल ही में राज्य की मंत्री सुमना सरकार और पूर्णिमा चक्रवर्ती, तारकेश्वर के विधायक संतु पान के साथ मंदिर परिसर पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में शामिल होने का न्योता भी दिया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को तारकेश्वर में पश्चिम बंगाल दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं. हालांकि, पीएम मोदी अपनी इस यात्रा के दौरान तारकेश्वर मंदिर जाएंगे या नहीं, इसकी आधिकारिक तौर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल, प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए मंदिर परिसर की रंगाई पुताई और सौंदर्यीकरण का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंदिर का एक भव्य और बदला हुआ रूप देखने को मिले.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement