कोलकाता एयरपोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है. अधिकारियों को बुधवार को एक धमकी भरा ई-मेल मिला, जिसमें एयरपोर्ट परिसर में बम प्लांट होने की बात कही गई थी.
सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत एयरपोर्ट परिसर की जांच शुरू कर दी गई.
कोलकाता के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को पहले भी इस तरह के कई धमकी भरे मेल मिल चुके हैं, जो जांच के दौरान पूरी तरह से अफवाह साबित हुए थे.
पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले
13 मई 2025 को भी कोलकाता एयरपोर्ट पर उस वक्त हड़कंप मच गया था जब मुंबई जाने वाली एक फ्लाइट में बम होने की जानकारी मिली थी. तब फ्लाइट जैसे ही उड़ान भरने वाली थी, तभी एक यात्री ने सुरक्षा कर्मियों से कहा कि उसके पास बम है. इस सूचना के मिलते ही विमान को तुरंत आइसोलेशन बे में ले जाया गया था.
इम्फाल से मुंबई जा रहा था यात्री
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अधिकारियों ने उस वक्त जानकारी दी थी कि ये घटना कोलकाता से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 5227 में हुई थी. आरोपी यात्री 26 साल का था और इम्फाल से कोलकाता होते हुए मुंबई की यात्रा कर रहा था. जब बोर्डिंग से पहले 'स्टेप लैडर पॉइंट चेक' किया जा रहा था, तभी उसने एयरलाइन के सुरक्षा अधिकारी से कह दिया कि उसके पास बम है. हालांकि जांच के बाद फ्लाइट में कोई बम नहीं मिला था.
यह भी पढ़ें: हैदराबाद एयरपोर्ट को मिली LTTE-ISI से जुड़ी बम धमकी निकली फेक, जेद्दा से आ रही इंडिगो फ्लाइट मुंबई डायवर्ट
इस घटना के बाद इंडिगो एयरलाइन ने बताया था, 'कोलकाता से मुंबई जाने वाली फ्लाइट 6E 5227 को उड़ान भरने से पहले बम की धमकी मिली थी. सुरक्षा नियमों और प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करते हुए विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया और सभी जरूरी जांच प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया गया.'