पश्चिम बंगाल के श्रीरामपुर से सांसद कल्याण बनर्जी एक बार फिर मां दुर्गा की आराधना के दौरान भावुक हो गए. महाष्टमी के पावन अवसर पर संधि पूजा करते समय उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने बैठकर प्रार्थना करते हुए कल्याण बनर्जी इतने भावुक हो गए कि अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए. इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा से सभी के कल्याण, सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की.
हर साल दुर्गा पूजा के दौरान मां की आराधना करते हुए कल्याण बनर्जी के भावुक होने की तस्वीरें सामने आती हैं. इस साल भी महाष्टमी के दिन ऐसा ही नजारा सामने आया. हालांकि, इस बार वह आरएमएस मैदान में आयोजित दुर्गा पूजा में शामिल होने के बजाय अपने आवासीय परिसर में आयोजित पूजा में पहुंचे. श्रीरामपुर के गंगादर्शन आवासन में संधि पूजा के दौरान वह पूरी तरह मां दुर्गा की भक्ति में लीन नजर आए.
यहां देखें पूरा वीडियो-
मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के सामने बैठकर सांसद ने संस्कृत के श्लोक का उच्चारण किया. इस दौरान उनकी भावनाएं उमड़ पड़ीं और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे. प्रार्थना करते हुए उन्होंने मां से कहा, 'मां, मुझे सद्बुद्धि दो, शक्ति दो, ज्ञान दो और भक्ति दो.' उनकी इस प्रार्थना और भावुक अंदाज ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा.
बता दें कि दुर्गा पूजा पश्चिम बंगाल में केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोगों की आस्था और भावनाओं से जुड़ा एक बड़ा पर्व भी है. वहीं संधि पूजा दुर्गा पूजा के सबसे महत्वपूर्ण अनुष्ठानों में से एक मानी जाती है. महाष्टमी और महानवमी की संधि बेला में होने वाली इस पूजा का धार्मिक महत्व है. इस दौरान श्रद्धालु मां दुर्गा की विशेष आराधना करते हैं और सुख, शांति, समृद्धि तथा परिवार और समाज के कल्याण की कामना करते हैं.
(Input: Partha Raha)