उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें याद किया. CM ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की बधाई दी. योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि राष्ट्रीय एकता को बनाए रखना हर भारतीय का कर्तव्य है.
मुख्यमंत्री योगी ने सरदार पटेल को आधुनिक भारत का शिल्पकार और लौह पुरुष बताते हुए कहा कि उनका जीवन 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के संकल्प को पूरा करने की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि देश की ताकत उसकी एकता में है और इस एकता का आधार 'राष्ट्र प्रथम' की भावना है.
'2017 से पहले यूपी में सामाजिक समरसता को पहुंचा आघात'
योगी आदित्यनाथ ने अपने पोस्ट में उत्तर प्रदेश की पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में तुष्टीकरण, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति ने समाज को बांटने का काम किया. इससे राष्ट्रीय एकात्मता की भावना कमजोर हुई और सामाजिक समरसता को नुकसान पहुंचा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदला है. सरकार ने 'राष्ट्र प्रथम' और 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के मंत्र के साथ सुशासन को आधार बनाया और सामाजिक समरसता को मजबूत किया.
'रन फॉर यूनिटी' में शामिल होने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' एकता के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है. उन्होंने लोगों से इस दौड़ में शामिल होने की अपील की. योगी ने कहा कि दौड़ में उठाया गया हर कदम देश की अखंडता के प्रति समर्पण और 'राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम' के संकल्प का प्रतीक होना चाहिए. उन्होंने अपने संदेश का समापन 'जय हिंद' के साथ किया.