उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में 29 अक्तूबर को करवा चौथ का चांद देखने छत पर गई आरती की नीचे गिरकर दुखद मौत हो गई. नीतेश द्विवेदी की पत्नी आरती ने अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए दिनभर निर्जला व्रत रखा था. शाम को वह अपनी सास और देवरानी के साथ पूजा तथा चांद का दीदार करने छत पर पहुंची थी, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने और पैर फिसलने से वह नीचे गिरकर बेहोश हो गई. परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
चांद के दीदार के दौरान बिगड़ा संतुलन
रूरीपारा गांव निवासी नीतेश द्विवेदी की पत्नी आरती ने करवा चौथ पर पति की दीर्घायु के लिए पूरे नियम-निष्ठा से व्रत रखा था. रात में जब चांद निकला तो आरती अपनी सास और देवरानी के साथ छत पर पूजा अर्चना करने और अर्घ्य देने पहुंची थी. इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह छत से नीचे गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद बदहवास परिजन घायल आरती को लेकर जिला अस्पताल हमीरपुर पहुंचे. हालांकि, परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना जिला चिकित्सालय से मेमो के जरिए ललपुरा थाना पुलिस को दी गई. पुलिस ने मृतका के शव को पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की विधिक कार्यवाही के लिए मोर्चरी हाउस भिजवा दिया है.
त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं
आरती की अचानक हुई मौत से पति नीतेश और छह साल के मासूम बेटे पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जहां एक तरफ पूरा इलाका करवा चौथ पर चांद देखकर व्रत खोलने की खुशियां मना रहा था, वहीं आरती के घर में चीख-पुकार मच गई। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है.