
यूपी के मेरठ में कुछ दिन पहले हुई युवक की संदिग्ध मौत का मामला हत्या में बदल गया है. मृतक के चचेरे भाई ने उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर पत्नी इल्मा और उसके कथित प्रेमी अमन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने के लिए जिलाधिकारी से अनुमति मांगी गई है. परिजनों ने पत्नी के कथित कबूलनामे का वीडियो भी पुलिस को सौंपा है.
बता दें कि लोहियानगर थाना क्षेत्र के फतल्लेहपुर निवासी तालिब (30) राजमिस्त्री था. 28 सितंबर को उसकी मौत हो गई थी. पत्नी इल्मा (27) ने परिजनों को मौत स्वाभाविक बताई. इसके बाद परिजन शव को मुजफ्फरनगर ले गए और दफना दिया. अंतिम संस्कार से पहले रिश्तेदारों ने तालिब के शव की तस्वीरें भी खींची थीं.
बताया गया कि शव दफनाने से पहले इल्मा घर का कीमती सामान समेटती नजर आई. इससे परिजनों को शक हुआ. इसी बीच मोहल्ले के लोगों ने बताया कि इल्मा के ब्यूटी स्टूडियो संचालक अमन से कथित संबंध हैं और दोनों को कई बार साथ देखा गया था.
शक के बाद परिजनों ने इल्मा से तालिब का मोबाइल मांगा तो उसने मोबाइल गुम होने की बात कही. परिजनों ने तलाश की तो 2 अक्टूबर को मोबाइल कपड़ों के बीच छिपा मिला. मोबाइल की जांच में अमन और इल्मा के बीच बातचीत, कॉल डिटेल और वॉयस रिकॉर्डिंग से जुड़े कई तथ्य सामने आए. परिजनों ने तालिब की मौत के बाद खींची गई तस्वीरों को दोबारा देखा तो उसके गले पर संदिग्ध निशान दिखाई दिए. इसके बाद उन्होंने दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई.
परिजनों का दावा है कि इल्मा ने पूछताछ के दौरान हत्या की पूरी घटना बताई. इसका वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया है. वीडियो में कथित तौर पर इल्मा बता रही है कि 28 सितंबर को तालिब के घर लौटने के बाद विवाद हुआ था. इसके बाद उसने अमन को फोन कर बुलाया. आरोप है कि अमन अपने एक साथी के साथ पहुंचा और तालिब के साथ मारपीट की.

परिजनों के मुताबिक, इल्मा ने कथित तौर पर बताया कि अमन ने उसके दुपट्टे से तालिब का गला दबाया, जबकि उसके साथी ने तालिब के हाथ और इल्मा ने पैर पकड़ रखे थे. इसके बाद तालिब की मौत हो गई. आरोप है कि अमन ने इल्मा से घटना को छिपाने के लिए मौत को आत्महत्या या स्वाभाविक मौत बताने को कहा और इद्दत पूरी होने के बाद शादी करने का भरोसा दिया.
तालिब की शादी करीब चार साल पहले इल्मा से हुई थी. दोनों की तीन साल की बेटी है. परिजनों का आरोप है कि इल्मा और अमन के बीच काफी समय से संबंध थे और दोनों को कई बार आपत्तिजनक स्थिति में भी देखा गया था. वहीं इल्मा ने कथित तौर पर पूछताछ में तालिब पर मारपीट करने का आरोप लगाया है.
लोहियानगर पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. शव का पोस्टमार्टम होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. जिलाधिकारी से अनुमति मिलने के बाद शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा.