वाराणसी के यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े बीए चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूर्या सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज वारदात से पूरे कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया और छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया. घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया.
सूर्य प्रताप सिंह अपने मिलनसार स्वभाव और व्यवहार के कारण कॉलेज में काफी लोकप्रिय था. वह मूल रूप से गाजीपुर जिले के सैदपुर तहसील अंतर्गत दुबईठा गांव के निवासी था और वाराणसी में रहकर पढ़ाई कर रहा था. उसे एक होनहार छात्र माना जाता था.
यह भी पढ़ें: गाजीपुर में युवक की हत्या, बदमाशों ने घर से बाहर बुलाकर मारी गोली... फिल्मी अंदाज़ में असलहा लहराते हुए फरार
परिवार की बात करें तो उसके पिता ऋषिदेव सिंह और माता किरन सिंह अतुलानंद विद्यालय में कर्मचारी हैं. सूर्य अपने माता-पिता का इकलौते बेटा था और उनकी दो बहनें भी हैं. परिवार और जानने वालों के अनुसार, सूरज प्रताप सिंह का भविष्य उज्ज्वल माना जा रहा था.
कॉलेज परिसर में ताबड़तोड़ फायरिंग
घटना वाराणसी के यूपी कॉलेज परिसर के सामाजिक विज्ञान संकाय के गलियारे में सुबह करीब 11 बजे हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक छात्र ने अचानक सूर्य प्रताप सिंह पर ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी. हमलावर ने सीधे उनके सिर और सीने को निशाना बनाया.
गोली लगने से सूर्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला. बताया जा रहा है कि वह पहली मंजिल की ओर भागा और पीछे की दीवार फांदकर फरार हो गया.
भागते समय आरोपी ने अपनी पिस्टल पास के कूड़े के ढेर में फेंक दी, जिसे पुलिस ने बाद में बरामद कर लिया. घटना के बाद पूरे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
इलाज के दौरान मौत, छात्रों का फूटा गुस्सा
घायल सूर्य प्रताप को पहले मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
साथी छात्र की मौत की खबर मिलते ही छात्रों में गुस्सा भड़क गया. आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर दिया और तोड़फोड़ शुरू कर दी. पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई.
हालात बिगड़ते देख वाराणसी के पुलिस कमिश्नर भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस तैनात की गई.
वर्चस्व की लड़ाई का एंगल, जांच जारी
पुलिस ने कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश या वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा बताया जा रहा है.
इस घटना ने कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक छात्र हथियार लेकर परिसर में कैसे पहुंच गया.
वहीं, सूर्य प्रताप सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी मंजीत चौहान और उसके साथी अनुज ठाकुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. बताया जा रहा है कि घटना के समय अनुज ठाकुर भी मंजीत के साथ मौजूद था. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है.