scorecardresearch
 

वाराणसी: नमो घाट पर बाउंसरों ने पर्यटक को हॉकी-रॉड से पीटकर मार डाला, 4 साथी भी लहूलुहान

धर्म और अध्यात्म की नगरी वाराणसी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. नमो घाट, जिसे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत वाराणसी की नई पहचान बताया जाता है, वहां सुरक्षा के नाम पर तैनात बाउंसरों और गार्ड्स ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं. महज एंट्री को लेकर हुई मामूली कहासुनी में एक गरीब पर्यटक को लाठी-डंडों और रॉड से इतना पीटा गया कि उसकी जान चली गई.

Advertisement
X
सोनभद्र से काशी घूमने आए युवक की हत्या.(Photo:ITG)
सोनभद्र से काशी घूमने आए युवक की हत्या.(Photo:ITG)

वाराणसी के नमो घाट पर एक पर्यटक को सिक्योरिटी गार्ड्स और बाउंसरों ने मिलकर हॉकी, रॉड और डंडों से इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई. राजेश और उसके साथी सोनभद्र से वाराणसी घूमने आए थे. तड़के सुबह समय से पहले नमो घाट पहुंचने और नमो घाट पर एंट्री को लेकर पर्यटकों तथा सिक्योरिटी गार्ड्स में कहासुनी हो गई थी. इसके बाद सिक्योरिटी गार्ड्स और बाउंसरों ने मिलकर हॉकी, रॉड और डंडों से सभी पांच पर्यटकों पर हमला कर दिया. जिसमें एक पर्यटक राजेश उर्फ चिंटू जायसवाल की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि अन्य भी बुरी तरह घायल हो गए. फिलहाल पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

वाराणसी में लगातार पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती चली जा रही है, साथ ही उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की घटनाओं में भी इजाफा हुआ है. लेकिन आज हद तब हो गई जब नमो घाट पर एक पर्यटक को सिक्योरिटी गार्ड्स और बाउंसरों ने रॉड, हॉकी और डंडों से इतनी बेरहमी से मारा-पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई. जबकि मृतक के चार साथी भी बुरी तरह घायल हो गए.

क्या था विवाद?

दरअसल, सोनभद्र के रायपुर थाना क्षेत्र के पडली गांव के रहने वाले राजेश उर्फ चिंटू जायसवाल अपने चार साथियों के साथ तड़के सुबह ही नमो घाट पर घूमने पहुंच गए थे. नमो घाट के गेट नंबर 2 पर प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स और पांचों पर्यटकों में एंट्री को लेकर कहासुनी हुई.

कुछ देर बाद रॉड, हॉकी और डंडों से लैस दर्जनों बाउंसरों और सिक्योरिटी गार्ड्स ने पांचों सोनभद्र के पर्यटकों पर हमला कर दिया. निहत्थे चार पर्यटक किसी तरह जान बचाकर भागे, लेकिन राजेश उर्फ चिंटू जायसवाल वहीं जमीन पर गिर गया.

Advertisement

सिक्योरिटी गार्ड्स और बाउंसरों ने उसे तब तक मारा जब तक वह मर नहीं गया. थोड़ी देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस की देखरेख में राजेश उर्फ चिंटू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

सब्जी बेचकर चलाता था खर्च

बताया जा रहा है कि चिंटू अपने घर का इकलौता कमाने वाला था और सब्जी बेचकर पूरे परिवार का खर्च चलाता था. शिकायत पर पुलिस ने चार हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की भी तलाश में जुटी हुई है. 

स्मार्ट सिटी वाराणसी का 'क्रूर' चेहरा

मालूम हो कि इससे पहले भी नमो घाट के सिक्योरिटी गार्ड्स और बाउंसरों पर लोगों से मारपीट व दुर्व्यवहार के कई आरोप लग चुके हैं, लेकिन थाने पहुंचते ही मामला शांत कर दिया जाता है. नमो घाट का संचालन स्मार्ट सिटी ने एक प्राइवेट कंपनी को सौंपा है, इसलिए सुरक्षा भी उसी कंपनी के निजी सुरक्षा गार्ड्स और बाउंसरों द्वारा कराई जाती है. देखें VIDEO:- 

4 हमलावर गिरफ्तार

इस मामले में एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सोनभद्र के रहने वाले पांच लोग बीती देर रात तीन बजे नमो घाट घूमने जा रहे थे. इसी दौरान नमो घाट के गेट नंबर 2 पर उनकी सिक्योरिटी गार्ड्स से कहासुनी और झगड़ा हो गया. जिसमें चिंटू जायसवाल को गहरी चोटें आईं और अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया. हमलावर चार प्राइवेट सुरक्षा गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement