
Uttar Pradesh News: बांदा जिले के मटौंध थाना क्षेत्र में झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाइवे पर खैराडा गांव के पास दो ट्रकों (ट्रेलर) के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों वाहनों में तत्काल आग लग गई, जिससे चालक सुरेश पांडेय, सूर्यनाथ और खलासी शनि की जिंदा जलकर मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, हादसा एक ट्रक चालक को झपकी आने और गाड़ी के गलत दिशा में जाने के कारण हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आग पर काबू पाया और एक घायल खलासी अभिषेक को बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया.
झपकी बनी काल और धू-धू कर जले ट्रक
पत्थर लदा एक ट्रेलर बांदा की ओर आ रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे ट्रेलर से उसकी सीधी टक्कर हो गई. पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चालक को नींद की झपकी आने की वजह से गाड़ी रॉन्ग साइड चली गई थी. मौके पर पहुंचे एसपी पलाश बंसल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. हादसे में जान गंवाने वाले लोग सुल्तानपुर, आजमगढ़ और अंबेडकरनगर के रहने वाले थे. पुलिस ने गाड़ी नंबरों के आधार पर ट्रक मालिकों और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है.

सीएम योगी ने जताया दुख, दिए राहत के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने जिला प्रशासन को पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाने और घायल खलासी के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं. एएसपी बांदा मेविस टॉक ने बताया कि फायर सर्विस और रिस्पांस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला. दोनों ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं. पुलिस अब शवों का पंचनामा भरकर आगे की विधिक कार्यवाही में जुटी है.