scorecardresearch
 

यूट्यूबर मानसी की मौत पर कानपुर में उबाल: शव यात्रा में 'योगी जी न्याय दो' के पोस्टर लेकर सड़कों पर उतरे हजारों लोग, लखनऊ पुलिस पर लगाए आरोप

लखनऊ में कानपुर की रहने वाली मशहूर यूट्यूबर मानसी की ससुराल में हुई संदिग्ध मौत के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया है. लखनऊ पुलिस की कार्रवाई से नाराज परिजनों और हजारों स्थानीय लोगों ने कानपुर की सड़कों पर शव रखकर प्रदर्शन किया और शव यात्रा में पोस्टर-बैनर लेकर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई.

Advertisement
X
कानपुर की मानसी की लखनऊ में हुई थी मौत (Photo- ITG)
कानपुर की मानसी की लखनऊ में हुई थी मौत (Photo- ITG)

कानपुर के बाबू पुरवा निवासी मशहूर यूट्यूबर मानसी की 30 मई को लखनऊ के शहादतगंज स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और बेरहमी से मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है. लखनऊ पुलिस द्वारा मायके वालों के पहुंचने से पहले ही शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने और हत्या की रिपोर्ट न दर्ज करने से नाराज हजारों लोग कानपुर में सड़कों पर उतर आए. आक्रोशित लोगों ने बाबू पुरवा थाने के सामने शव रखकर जाम लगाया और फिर मानसी की अंतिम शव यात्रा में 'योगी जी न्याय दो' और 'हत्यारों को फांसी दो' के बड़े-बड़े पोस्टर लेकर श्मशान घाट तक मार्च किया.

मायके वालों के पहुंचने से पहले उतारा शव, शरीर पर चोटों के निशान

मानसी की शादी दो साल पहले लखनऊ के यूट्यूबर सागर से हुई थी. परिजनों के मुताबिक, 30 मई को उन्हें मानसी द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली. जब वे कानपुर से लखनऊ पहुंचे, तो पुलिस उनके आने से पहले ही शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कर चुकी थी. पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को मिला, तो मृतका के चाचा अमन राजपूत और अन्य रिश्तेदारों ने देखा कि मानसी के शरीर और पैरों पर चाकू के गंभीर घाव थे. परिजनों का दावा है कि जब शव फंदे पर था, तब उसके दोनों घुटने बेड को छू रहे थे, जो साफ तौर पर हत्या की ओर इशारा करता है.

पति के प्रेम संबंध का विरोध करने पर रास्ते से हटाने का आरोप

Advertisement

परिजनों ने आरोप लगाया कि मानसी का पति सागर, जिसके यूट्यूब पर कई लाख फॉलोअर्स हैं, किसी अन्य लड़की के साथ प्रेम संबंध में था. उस लड़की का घर पर आना-जाना था और इसी बात का विरोध करने पर मानसी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और अंत में उसे रास्ते से हटा दिया गया. मायके वालों का आरोप है कि लखनऊ पुलिस ने ससुराल वालों से मिलीभगत करके उनकी लिखित तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की और मामले को दबाने का प्रयास करते हुए केवल एक आरोपी को हिरासत में लिया है.

मासूम बच्चे को छोड़ गई मानसी, कानपुर पुलिस ने दी सफाई

मृतका मानसी अपने पीछे छह महीने का एक मासूम बेटा छोड़ गई है. इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है और बगही से उठी अंतिम शव यात्रा में रोते-बिलखते लोग हाथों में बैनर लेकर दोषियों को फांसी देने की मांग कर रहे थे. इस पूरे हंगामे पर कानपुर के बाबू पुरवा थाना प्रभारी अरुण द्विवेदी ने सफाई देते हुए कहा कि यह पूरा मामला लखनऊ का है और मानसी की मौत भी वहीं हुई थी. परिवार वालों ने लखनऊ में एप्लीकेशन दी है और वहां की पुलिस मामले की जांच कर रही है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement