scorecardresearch
 

दूध में नींद की गोलियां, फिर चादर के अंदर जहरीला सांप... मिनट-दर-मिनट ऐसे रची पति की हत्या की साजिश

मेरठ अतुल पंवार की मौत को पहले सांप के काटने का हादसा माना गया, लेकिन पुलिस जांच में मामला हत्या निकला. पुलिस के अनुसार पत्नी दामिनी ने स्कूल ड्राइवर प्रेमी तुषार और दो साथियों के साथ मिलकर पहले पति को दूध में नींद की गोलियां दीं, फिर चादर के अंदर जहरीला सांप छोड़ दिया. सर्विलांस, कॉल डिटेल और मोबाइल से मिले सबूतों ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया.

Advertisement
X
प्रेमी के साथ मिलकर मेरठ की दामिनी ने अपने पति को मार डाला (Photo: ITG)
प्रेमी के साथ मिलकर मेरठ की दामिनी ने अपने पति को मार डाला (Photo: ITG)

सांप के काटने से हुई एक युवक की मौत ने पहले तो सभी को यही यकीन दिलाया कि यह एक दर्दनाक हादसा है. पत्नी रो रही थी, परिवार सदमे में था और बिस्तर में एक जहरीला सांप भी मिला था. लेकिन कुछ ही घंटों बाद पुलिस की जांच ने इस पूरी कहानी को पलट दिया. पुलिस का दावा है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि बेहद सुनियोजित हत्या की साजिश थी. आरोप है कि पहले पति को दूध में नींद की गोलियां दी गईं, फिर गहरी नींद में होने पर चादर के अंदर जहरीला सांप छोड़ दिया गया, ताकि मौत को हादसा साबित किया जा सके.

मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले में पुलिस ने पत्नी, उसके कथित प्रेमी और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे प्रेम संबंध और 20 लाख रुपये की बीमा राशि बड़ी वजह थी. पुलिस जांच के मुताबिक गुरुवार रात से ही पूरी योजना पर काम शुरू हो गया था. आरोप है कि दामिनी ने अपने पति अतुल पंवार को रात में दूध दिया. इस दूध में सामान्य मात्रा से अधिक नींद की गोलियां मिलाई गई थीं. कुछ ही देर में अतुल गहरी नींद में चला गया. पुलिस का कहना है कि यही वह समय था, जिसका आरोपियों को इंतजार था. जब यह तय हो गया कि अतुल उठ नहीं पाएगा और विरोध नहीं कर सकेगा, तब साजिश का दूसरा चरण शुरू हुआ.

Advertisement

चादर के अंदर छोड़ा गया जहरीला सांप

पुलिस के अनुसार, स्कूल ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की अपने दो साथियों सोनू और उदय के साथ पहले से तैयार था. आरोप है कि ये लोग अपने साथ एक जहरीला सांप लेकर पहुंचे. इसके बाद सांप को अतुल के बिस्तर और चादर के अंदर छोड़ दिया गया. पुलिस का दावा है कि गहरी नींद में होने की वजह से अतुल खुद को बचा नहीं सका और सांप ने उसे डस लिया. इसी जहरीले डंसने से उसकी मौत हो गई. आरोपियों को उम्मीद थी कि सुबह यह मामला सामान्य तौर पर सांप के काटने से हुई मौत मान लिया जाएगा और किसी को शक नहीं होगा.

सुबह पत्नी खुद अस्पताल लेकर पहुंची

शुक्रवार सुबह दामिनी अपने पति को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हस्तिनापुर पहुंची. उसने डॉक्टरों को बताया कि रात में पति को सांप ने काट लिया था. डॉक्टरों ने जांच के बाद अतुल को मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. जब पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो बिस्तर में सांप भी मिला. पहली नजर में मामला बिल्कुल सामान्य लग रहा था, लेकिन कुछ ऐसी बातें थीं जिन्होंने पुलिस को सोचने पर मजबूर कर दिया. मेरठ पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर कई परिस्थितियां सामान्य नहीं थीं. अधिकारियों के मुताबिक सांप का व्यवहार, उसका बिस्तर के अंदर मिलना और पूरी घटना की कहानी कई जगह मेल नहीं खा रही थी. इसी वजह से पुलिस ने इसे सिर्फ हादसा मानने के बजाय वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से जांच शुरू की. यही फैसला पूरे मामले का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ.

Advertisement

कॉल डिटेल ने खोल दी साजिश की परतें

पुलिस ने सबसे पहले मृतक की पत्नी दामिनी के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की. जांच में सामने आया कि वह स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की के लगातार संपर्क में थी. दोनों के बीच लगातार बातचीत और मुलाकात के डिजिटल साक्ष्य मिले. इसके बाद पुलिस ने तुषार को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान वह ज्यादा देर तक अपनी बात पर कायम नहीं रह सका और पूरी साजिश का खुलासा कर दिया. जांच के दौरान पुलिस को तुषार के मोबाइल फोन से एक अहम सबूत मिला. मोबाइल में एक डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर मौजूद थी. पुलिस के अनुसार पूछताछ में तुषार ने बताया कि उसने दो सपेरों से यह जहरीला सांप खरीदा था. यही तस्वीर जांच का सबसे अहम डिजिटल सबूत बन गई.

20 लाख का बीमा भी बना वजह

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अतुल पंवार के नाम करीब 20 लाख रुपये का बीमा था. पुलिस का दावा है कि दामिनी और तुषार ने योजना बनाई थी कि अतुल की मौत के बाद बीमा की राशि मिलेगी. इसी रकम में से साजिश में शामिल सोनू और उदय को पांच लाख रुपये देने का वादा किया गया था. पुलिस के अनुसार दोनों आगे चलकर एक साथ रहने की योजना भी बना रहे थे. जांच में यह भी सामने आया कि अतुल को मारने की यह पहली कोशिश नहीं थी. करीब 20 दिन पहले तुषार ने अर्टिगा कार से अतुल को टक्कर मारने की कोशिश की थी. हालांकि उस समय अतुल हेलमेट पहने हुए था, जिससे उसकी जान बच गई. जब अतुल ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराने की बात कही तो दामिनी ने कथित तौर पर उसे समझाकर मामला टाल दिया. पुलिस का मानना है कि पहली योजना नाकाम होने के बाद सांप वाली साजिश रची गई.

Advertisement

छह साल पहले की थी लव मैरिज

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि अतुल और दामिनी ने वर्ष 2019 में प्रेम विवाह किया था. दोनों मिलकर हस्तिनापुर के रामलीला मैदान स्थित कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन करते थे. परिवार और समाज की परवाह किए बिना दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला किया था. लेकिन पुलिस के मुताबिक स्कूल में ड्राइवर के तौर पर काम करने वाले तुषार से दामिनी की नजदीकियां बढ़ीं और यही रिश्ता आगे चलकर हत्या की कथित साजिश में बदल गया.

एसएसपी ने बताया कैसे खुला पूरा मामला

मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि शुरुआत में मामला सांप के काटने से हुई मौत का लग रहा था, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां सामान्य नहीं थीं.उन्होंने बताया कि तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और पूछताछ के आधार पर दामिनी और स्कूल ड्राइवर तुषार के बीच संबंधों की जानकारी मिली. मोबाइल से सांप की तस्वीर भी बरामद हुई. पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले सड़क हादसे के जरिए अतुल की हत्या करना चाहते थे, लेकिन असफल रहने के बाद सांप का इस्तेमाल किया गया. पुलिस ने बरामद सांप को भी परीक्षण के लिए भेज दिया है. इसके अलावा मोबाइल फोन, डिजिटल साक्ष्य और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) भेजे जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

चंद घंटों में खुल गई 'स्नेक मर्डर' की गुत्थी

मेरठ पुलिस का कहना है कि अगर इस मामले में सिर्फ सांप के काटने की बात मान ली जाती तो शायद यह केस एक सामान्य हादसे के रूप में दर्ज हो जाता. लेकिन घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण, तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल फोन से मिले सबूत और लगातार पूछताछ ने कथित साजिश की परत-दर-परत खोल दी. अब यह मामला सिर्फ सांप के काटने से हुई मौत का नहीं, बल्कि प्रेम संबंध, बीमा की रकम और सुनियोजित हत्या के आरोपों वाला हाई-प्रोफाइल केस बन चुका है. पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश सहित संबंधित धाराओं में आगे की कार्रवाई कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement