
उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ककरदरी रेंज जंगल में करीब 15 दिन से लापता 25 वर्षीय महिला किसान नेता आंचल मिश्रा का क्षत-विक्षत कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए.
जांच में सामने आया कि महिला की हत्या कर शव जंगल में छिपा दिया गया था. पुलिस ने इस मामले में आरोपी प्रेमी सूरज वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने हत्या करने की बात कबूल भी कर ली है.
यह भी पढ़ें: श्रावस्ती में पति ने पत्नी और तीन बच्चों को मौत के घाट उतारा, फिर फांसी लगाकर की खुदकुशी
17 फरवरी को घर से निकली थी महिला
जानकारी के अनुसार, बांसगढ़ी फत्तेपुर बनगई गांव निवासी संतोष मिश्रा की पत्नी आंचल मिश्रा 17 फरवरी को घर से यह कहकर निकली थीं कि वह भिनगा में किसान यूनियन की बैठक में जा रही हैं. इसके बाद वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
इसके बाद 19 फरवरी को मल्हीपुर थाने में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई. मामले की जांच के दौरान पुलिस लगातार महिला की तलाश कर रही थी.
जंगल से मिला कंकाल और जले हुए कपड़े
करीब दो सप्ताह बाद ग्रामीणों ने ककरदरी रेंज जंगल में जले हुए कपड़े और कंकाल पड़े होने की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की. फॉरेंसिक टीम ने कंकाल, जले हुए कपड़े और अन्य संभावित साक्ष्य एकत्र किए.
मृतका के परिजनों ने कपड़ों और अन्य अवशेषों के आधार पर शव की पहचान आंचल मिश्रा के रूप में की. मृतका के पति संतोष मिश्रा ने पास के ही रहने वाले सूरज वर्मा पर हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाया. उनका कहना है कि घटना के बाद आरोपी उनके साथ मिलकर महिला की तलाश का दिखावा करता रहा.

मोबाइल लोकेशन से खुला राज
पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच में सामने आया कि महिला और संदिग्ध युवक के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन एक ही स्थान पर पाई गई थी. कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की गई.
पुलिस के मुताबिक, सूरज वर्मा और आंचल मिश्रा उर्फ अन्ती मिश्रा के बीच पिछले तीन-चार महीनों से मोबाइल पर बातचीत होती थी और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था.
ब्लैकमेल से नाराज होकर की हत्या
आरोप है कि आंचल मिश्रा सूरज वर्मा को ब्लैकमेल कर पैसों की मांग करती थी और पैसा न देने पर थाने में शिकायत करने की धमकी देती थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया.
पुलिस के अनुसार, 17 फरवरी को गुस्से में आकर सूरज वर्मा ने आंचल की हत्या कर दी और शव को मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ककरदरी जंगल में छिपा दिया.
पूछताछ में कबूला जुर्म
जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने घटना स्वीकार कर ली. उसकी निशानदेही पर 3 मार्च को ककरदरी जंगल से क्षत-विक्षत अवस्था में शव बरामद किया गया.
सीओ सतीश कुमार ने बताया कि संतोष मिश्रा ने अपनी पत्नी आंचल मिश्रा की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. जंगल में मिली मानव अस्थियों की पहचान जूते और कपड़ों के आधार पर की गई. संतोष मिश्रा की तहरीर पर नामजद आरोपी सूरज वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.