दिवाली पर घर का कोना-कोना चमकाने की तैयारी चल रही है, तो दरवाजों और खिड़कियों की जाली को साफ करना भी न भूलें. अक्सर लोग फर्श, पंखे और खिड़कियों की सफाई तो कर लेते हैं, लेकिन लोहे की जाली पर जमी धूल-मिट्टी को साफ करने से बचते रहते हैं. दरअसल, इसे साफ करने में बहुत समय लगता है. कई बार लोग जाली को पाइप से पानी मारकर साफ करने की भी कोशिश करते हैं. जब पानी मारते हैं, तो जाली साफ लगती है लेकिन बाद में फिर वैसी ही दिखने लगती है. ऐसे में इस पर गंदगी की मोटी परत जम जाती है, जिससे साफ-सुथरा घर भी गंदा दिखने लगता है. खासकर रसोई के पास लगी जाली पर तेल और धुएं की वजह से चिपचिपी गंदगी जम जाती है.
ऐसे में जाली को साफ करने के लिए कई घंटे और मेहनत लगती है. इसे साफ करने के लिए अगर आपको लगता है कि महंगे क्लीनर खरीदने की जरूरत होगी तो आप गलत हैं. घर में मौजूद गर्म पानी, डिटर्जेंट और बर्तन धोने वाले लिक्विड की मदद से आप गंदी जाली को आसानी से साफ कर सकते हैं, वो भी बिना ज्यादा मेहनत के. आइए जानते हैं लोहे की जाली को साफ करने का आसान तरीका और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
जाली साफ करने के लिए किन चीजों की होगी जरूरत?
दरवाजे या खिड़की की लोहे की जाली को साफ करने के लिए आपको कुछ आम चीजों की जरूरत पड़ेगी. ये सामान आसानी से घर में मिल जाते हैं.
गर्म पानी और डिटर्जेंट से ऐसे साफ करें जाली
1. लोहे की जाली पर धूल-मिट्टी और चिकनाई जमने के कारण इसे साफ करना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में गर्म पानी और डिटर्जेंट का घोल गंदगी को ढीला करने में मदद कर सकता है. इसके लिए सबसे पहले एक बाल्टी में इतना गर्म पानी लें, जिसे आप आसानी से इस्तेमाल कर सकें. ध्यान रखें कि पानी बहुत ज्यादा गर्म न हो.
2. अब पानी में थोड़ा कपड़े धोने वाला डिटर्जेंट और बर्तन धोने वाला लिक्विड डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद स्पंज या मुलायम कपड़े को इस घोल में भिगोएं और जाली के ऊपर धीरे-धीरे लगाएं. कोशिश करें कि जाली का हर हिस्सा अच्छी तरह साफ हो जाए.
ये घोल लगाने के बाद इसे करीब 10 से 15 मिनट तक छोड़ दें, ताकि जमी हुई धूल और चिकनाई नरम पड़ सके. इसके बाद स्पंज या मुलायम स्क्रबर की मदद से जाली को हल्के हाथों से रगड़ें. ऐसा करने से गंदगी आसानी से निकलने लगेगी और आपको ज्यादा ताकत लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
3. जाली की सफाई करने के बाद उसे साफ, हल्के गीले कपड़े से पोंछ लें, ताकि साबुन और डिटर्जेंट के कण हट जाएं. इसके बाद सूखे कपड़े से पूरी जाली को अच्छी तरह पोंछें. लोहे की जाली पर पानी लंबे समय तक जमा रहने से जंग लगने का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए उसे गीला छोड़ने से बचें.
जाली साफ करते समय इन बातों का रखें ध्यान
लोहे की जाली को साफ करते समय बहुत जोर से रगड़ने से बचें. अगर जाली पर पेंट लगा है, तो पहले किसी छोटे हिस्से पर घोल लगाकर चेक कर लें. ऐसा करने से पेंट खराब होने का खतरा कम होगा. वहीं, अगर जाली पर पहले से जंग लगा है या पेंट उखड़ रहा है, तो सिर्फ साबुन-पानी से समस्या पूरी तरह दूर नहीं होगी.
एक बात और ध्यान रखें कि सफाई के लिए बहुत गर्म पानी इस्तेमाल न करें और जाली की सफाई करते समय आसपास लगे लकड़ी के दरवाजे या बिजली के स्विच को भीगने से बचाएं.
इस आसान तरीके को अपनाकर आप दिवाली से पहले दरवाजों और खिड़कियों की जाली पर जमी आम गंदगी को साफ कर सकते हैं. इससे घर ज्यादा साफ-सुथरा दिखेगा और त्योहार की तैयारी में भी आपको ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी.