scorecardresearch
 

अमेजन-फ्लिपकार्ट के डिलीवरी में खेल: असली सामान पार कर भर देते थे रद्दी, 75 लाख के माल संग 5 गिरफ्तार

नोएडा पुलिस और एसओजी ने ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों के ऑर्डर बदलकर चोरी करने वाले गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. आरोपी फ्लिपकार्ट-अमेजन के महंगे सामान निकालकर घटिया सामान रख देते थे. पुलिस ने इनके पास से 75 लाख रुपये का सामान बरामद किया है, जबकि 2 आरोपी फिलहाल फरार हैं.

Advertisement
X
नोएडा पुलिस की गिरफ्त में गैंग मेंबर (Photo- ITG)
नोएडा पुलिस की गिरफ्त में गैंग मेंबर (Photo- ITG)

नोएडा के थाना सेक्टर-20 पुलिस और एसओजी टीम ने फ्लिपकार्ट, अमेजन समेत अन्य ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों के ऑर्डर में हेराफेरी कर महंगे सामान की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गिरोह के पांच शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 75 लाख रुपये कीमत का चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है. मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है.

डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वारिस खान, सुनील कुमार, विजय सिंह, धर्मेंद्र और सूरज सिंह के रूप में हुई है। वहीं भूपेंद्र और असलम उर्फ राजू खान फरार हैं.

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य पिछले तीन से चार महीने से फ्लिपकार्ट, अमेजन और अन्य ई-कॉमर्स कंपनियों के महंगे ऑर्डर की डिलीवरी के दौरान सामान बदल देते थे. आरोपियों द्वारा असली सामान निकालकर उसकी जगह सस्ता या दूसरा सामान रख दिया जाता था, जिससे ग्राहक और विक्रेता ई कॉमर्स कंपनी दोनों को नुकसान होता था. इसके बाद चोरी किया गया सामान बाजार में बेच दिया जाता था.

आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रोटीन सप्लीमेंट, जूते, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, बच्चों के वायरलेस डिवाइस, कान और बीपी मापने की मशीनें, स्मार्ट डिवाइस, ऑनलाइन कंपनियों के टैग, पैकिंग सामग्री और अन्य सामान बरामद किया है. डीसीपी के अनुसार, बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये है.

Advertisement

डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि गिरोह का सरगना वारिस खान अपने साथियों के साथ मिलकर ऑनलाइन कंपनियों के ऑर्डर की चोरी और उनकी खरीद-फरोख्त करता था. गिरोह में हर सदस्य की अलग-अलग जिम्मेदारी तय थी. कुछ सदस्य सामान की चोरी करते थे, जबकि अन्य उसकी बिक्री का काम संभालते थे.

इस मामले में थाना सेक्टर-20 में मुकदमा दर्ज किया गया था. इसी के आधार पर कार्रवाई की गई है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement