उत्तर प्रदेश सहारनपुर के थाना मिर्जापुर क्षेत्र के ग्राम ताहरपुर में रविवार को एक अजीबो-गरीब घटना सामने आई. यहां मनचले बेटे को बचाने और पुलिस व वादी पक्ष पर दबाव बनाने के लिए एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति मोबाइल टावर पर चढ़ गया. टावर पर चढ़कर उसने काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा किया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए.
बेटे पर छेड़छाड़ का आरोप
बताया जा रहा है कि पहले युवक शेखर पर लड़की से छेड़छाड़ का आरोप लगा था,इसके बाद विवाद बढ़ गया, इस मामले में मनचले युवक और परिवार के अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था, जिसके बाद से मामला और गरमा गया.
इसी बीच युवक का पिता महेंद्र पुलिस और लड़की पक्ष पर फैसले का दबाव बनाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गया. सूचना मिलते ही थाना मिर्जापुर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया. आखिरकार पुलिस की समझाइश के बाद व्यक्ति को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
बेटे पर से मुकदमा हटाने की मांग
थाना इंचार्ज सुबह सिंह ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि जो व्यक्ति टावर पर चढ़ा था उसका नाम महेंद्र है उसके बेटे पर लड़की को छेड़ने का आरोप है जिसको लेकर लड़की पक्ष ने पुलिस में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था जिसको लेकर महेंद्र टावर पर चढ़ गया और मांग करने लगा कि उसके बेटे पर से मुकदमा हटाया जाए. फिलहाल पुलिस द्वारा समझा बुझकर टावर पर चढ़े व्यक्ति को नीचे उतार लिया गया है और इसमें आगे की कार्यवाही की जा रही है.