कांवड़ यात्रा को लेकर सहारनपुर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कांवड़ मार्ग पर हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए पुलिस लाइन में एक नए मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम की शुरुआत की गई है. इस कंट्रोल रूम का उद्घाटन सहारनपुर मंडल के डीआईजी अभिषेक सिंह ने फीता काटकर किया. अब इसी कंट्रोल रूम से पूरे कांवड़ मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की लगातार निगरानी की जाएगी.
कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिलेभर में करीब 3000 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इनमें 350 से अधिक नाइट विजन कैमरे भी शामिल हैं, जो रात के समय भी कांवड़ मार्ग पर लगातार नजर रखेंगे. पुलिस का कहना है कि इन कैमरों के जरिए पूरे रूट की गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी.
कांवड़ यात्रा को लेकर सहारनपुर पुलिस अलर्ट
मुख्य कंट्रोल रूम के अलावा देवबंद, काली नदी चौकी और गंगोह क्षेत्र में तीन सब-कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं. इन केंद्रों से स्थानीय स्तर पर निगरानी और समन्वय किया जाएगा. पुलिसकर्मियों की अलग-अलग ड्यूटी तय की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.
कांवड़ यात्रा के दौरान बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए सहारनपुर पुलिस उत्तराखंड, हरिद्वार, रुड़की और यमुनानगर पुलिस के साथ भी लगातार संपर्क में है. अधिकारियों के अनुसार, ट्रैफिक, रूट डायवर्जन और कांवड़ियों की भीड़ से जुड़ी किसी भी स्थिति पर तुरंत समन्वय कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
पूरे कांवड़ मेले पर पुलिस की 24 घंटे निगरानी
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र भी बनाया गया है. यहां बिछड़े लोगों की जानकारी दर्ज की जाएगी और उन्हें उनके परिवार या साथियों से मिलाने का प्रयास किया जाएगा. इससे यात्रा के दौरान लोगों को होने वाली परेशानी कम करने की कोशिश की जाएगी. पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है. कंट्रोल रूम, सीसीटीवी नेटवर्क, सब-कंट्रोल रूम और दूसरे राज्यों की पुलिस से समन्वय के जरिए यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है.