सहारनपुर के थाना जनकपुरी पुलिस ने बाइक चोरी की तीन घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन बाइक बरामद की हैं. यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई. इस मामले में 6 फरवरी 2026 को नुमाइश कैंप गोपाल नगर निवासी राजकुमार शर्मा की तहरीर पर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था.
पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के नेतृत्व में थाना जनकपुरी पुलिस टीम ने 22 फरवरी को लिंक रोड के पास से आरोपी शोएब पुत्र मुर्सलीन निवासी माधोपुर हजरतपुर थाना गंगनहर, जिला हरिद्वार (उत्तराखंड) को गिरफ्तार किया. पुलिस ने बताया कि आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था और लंबे समय से पुलिस की नजर में था.
यह भी पढ़ें: 'सोना डबल' का झांसा, रुमाल में बदल देते थे पत्थर... सहारनपुर में महिला समेत 3 शातिर टप्पेबाज गिरफ्तार
बरामदगी में तीन चोरी की मोटरसाइकिल मिलीं
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से तीन चोरी की बाइक बरामद हुई हैं. इनमें हीरो स्प्लेंडर प्लस (UP11AR5999) और हीरो स्प्लेंडर प्लस (UP11CF4952) थाना जनकपुरी में दर्ज मुकदमों से संबंधित हैं, बकि बजाज डिस्कवर (UK17J3536) थाना मंगलौर, जिला हरिद्वार में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित है. बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में वृद्धि करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
पूछताछ में आरोपी शोएब ने खुलासा किया कि वह चोरी की मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था. उसने जेल चुंगी, जिला अस्पताल क्षेत्र और मंगलौर से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की. आरोपी ने बताया कि वह पहले रैकी करता था और उन मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था, जो खुले स्थानों पर खड़ी होती थीं.
निशानदेही पर खाली प्लॉट से बरामद हुईं बाइक, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जनता रोड स्थित श्री राम ज्ञान वाटिका के पास एक खाली प्लॉट से दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कीं. इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में थाना जनकपुरी पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है. उन्होंने बताया कि आरोपी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. फिलहाल मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और पुलिस अन्य संभावित घटनाओं की भी जांच कर रही है.