scorecardresearch
 

सहारनपुर में डबल मर्डर मिस्ट्री अब भी उलझी! प्रेमी को गोली, प्रेमिका की गला रेतकर कत्ल

सहारनपुर में डबल मर्डर केस ने सनसनी फैला दी है. 17 अप्रैल को युवक और 27 अप्रैल को युवती के शव नहरों से मिले, बाद में उनकी पहचान विक्रांत और राखी कश्यप के रूप में हुई. जांच में प्रेम संबंध और विवाद सामने आया. आरोप है कि राखी ने विक्रांत की हत्या की, फिर साजिश के तहत उसकी भी हत्या कर दी गई. मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि अन्य की तलाश जारी है.

Advertisement
X
सहारनपुर में डबल मर्डर से सनसनी. (Photo: Screengrabs)
सहारनपुर में डबल मर्डर से सनसनी. (Photo: Screengrabs)

सहारनपुर में डबल मर्डर मिस्ट्री को पुलिस ने लगभग सुलझा लिया है. यह सनसनीखेज मामला प्यार, धोखे और साजिश के खतरनाक खेल को उजागर करता है. डूडा कर्मी विक्रांत और उसकी प्रेमिका राखी कश्यप की हत्या ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया था. दोनों के शव अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मिलने के बाद यह मामला लंबे समय तक ब्लाइंड मर्डर बना रहा, लेकिन अब पुलिस जांच में परत-दर-परत खुलासे हो रहे हैं.

सहारनपुर में 17 अप्रैल 2026 को थाना बड़गांव क्षेत्र के हसनपुर लोटनी गांव के पास लिंक नहर से एक युवक का शव बरामद हुआ था. शव पर गोली लगने के निशान थे, लेकिन पहचान न होने के कारण पुलिस ने अज्ञात में पंचनामा भरकर अंतिम संस्कार करा दिया. इसके बाद 27 अप्रैल की रात थाना मिर्जापुर क्षेत्र के नौगांव के पास भी एक नहर में एक युवती का शव मिला, जिसका गला रेतकर बेरहमी से हत्या की गई थी. इस शव की भी पहचान उस समय नहीं हो सकी थी, जिससे दोनों घटनाएं अलग-अलग मानी जा रही थीं.

सहारनपुर पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस के जरिए सुराग जुटाने शुरू किए. जांच के दौरान युवती की पहचान बागपत निवासी राखी कश्यप के रूप में हुई, जबकि बाद में पता चला कि लिंक नहर से मिला शव प्रयागराज निवासी डूडा कर्मी विक्रांत का था. जो डूडा ऑफिस में मैनेजर के पद पर कार्यरत था, पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले सहारनपुर में एक पार्टी के दौरान विवाद हुआ था.

Advertisement

विक्रांत को लाइसेंसी पिस्टल से मारी गई थी गोली
इसी विवाद में राखी ने लाइसेंसी पिस्टल से विक्रांत को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद शव को बड़गांव क्षेत्र की लिंक नहर में फेंककर सबूत मिटाने की कोशिश की गई. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि विक्रांत की हत्या के बाद मामला खुलने के डर से मुख्य आरोपी और उसके साथियों ने राखी की भी हत्या की साजिश रची. थाना मिर्ज़ापुर क्षेत्र गांव नौगांव के पास एक फार्म हाउस पर राखी को बुलाकर उसका गला रेत दिया गया और शव को करीब 5 किलोमीटर दूर नहर में फेंक दिया गया.

इस पूरे घटनाक्रम में कई लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी सुधारस चौहान, जो भाजपा युवा मोर्चा का पूर्व नगर अध्यक्ष रह चुका है, उसे भी बागपत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और सहारनपुर पुलिस को सौंप दिया. सहारनपुर पुलिस आरोपी सुधारक चौहान को सहारनपुर लेकर आ रही है, इसके बाद पूरे मामले का खुलासा पीसी के माध्यम से किया जाएगा, हालांकि अब तक पुलिस ने कोई आधिकारिक पुष्टि पूरी घटना की नहीं की है.

Advertisement

सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देशन में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. एक आरोपी को सहारनपुर पुलिस ने पहले गिरफ्तार कर लिया था. सूत्रों के मुताबिक बागपत पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर सहारनपुर पुलिस को सौंप दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. हालांकि इस मामले में अभी तक सभी खुलासों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे डबल मर्डर केस का खुलासा कर दिया जाएगा.

एसपी देहात ने क्या कहा?
एसपी देहात मयंक पाठक एसपी देहात ने बताया कि थाना मिर्जापुर ग्राम राजापुर नौगावा से पुलिस को एक महिला के अज्ञात शव के मिलने की सूचना प्राप्त हुई. जिसके बाद पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर शाम को कब्जे में लिया गया व पंचनामें की प्रक्रिया पूरी की गई. मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए गए हैं. फील्ड यूनिट की टीम द्वारा मौके का मुआयना कर लिया गया है और अग्रिम कार्रवाई जारी है. 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement