उत्तर प्रदेश में 11 विधान परिषद सीटों पर हुए चुनाव के नतीजों के दौरान कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने 'एक्स' पर पोस्ट कर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा. वाराणसी स्नातक समेत विभिन्न सीटों पर बैलट पेपर से हुई तीसरे दिन की मतगणना के बीच राजभर ने यह हमला बोला. राजभर ने अखिलेश को बधाई देते हुए कांग्रेस के खराब प्रदर्शन और कर्नाटक के नतीजों का हवाला देकर सपा-कांग्रेस गठबंधन पर सवाल उठाए.
कांग्रेस के 'जीरो' प्रदर्शन पर राजभर का हमला
राजभर ने लिखा कि यूपी में कांग्रेस को प्रत्याशी तक नहीं मिले और जहां मिले वहां शून्य मिला. कर्नाटक में भी जनता ने नकार दिया. उन्होंने अखिलेश को सचेत करते हुए कहा कि खुद को बड़ा भाई मानने वाली कांग्रेस आगामी चुनावों में 200 से अधिक सीटें मांगेगी. तब अखिलेश उन्हें इस चुनाव का शून्य रिजल्ट और एक दिन भी साथ न खड़े होने की बात याद दिलाएं.
मंत्री राजभर ने लिखा- "अखिलेश जी, एमएलसी चुनाव के नतीजों में आपकी पार्टी के प्रदर्शन की आपको बहुत बधाई. वैसे ये बताइए, अपने मित्र राहुल जी को बधाई दिए या नहीं? यूपी में तो कांग्रेस वालों को प्रत्याशी भी नहीं मिला, जहां मिला वहां रिजल्ट में आया जीरो. यहां तक की कांग्रेस शासित कर्नाटक में लोगों ने आपके मित्र को दुत्कार दिया. याद रखिएगा, कांग्रेस खुद को आपका बड़ा भाई मानती है. 403 में से 200 से ज्यादा उन्हें चाहिए. जब कांग्रेस वाले आपसे सीटें मांगें तो 'जीरो' तो याद दिला ही दीजिएगा, साथ ही पूछियेगा कि एमएलसी चुनाव में कोई कांग्रेस वाला सपा के प्रत्याशी को समर्थन देने के लिए एक दिन भी खड़ा हुआ?"
अखिलेश यादव का कार्यकर्ताओं को संदेश
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव में जीत हासिल करने वाले उम्मीदवारों और समर्थकों को बधाई दी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि जीत का संदेश सोशल मीडिया के माध्यम से शांतिपूर्ण तरीके से पहुंचाएं. अखिलेश ने कहा कि कोई शोरगुल या जुलूस न निकाला जाए, जिससे विरोधी पक्ष को माहौल बिगाड़ने का मौका मिले.
सपा अध्यक्ष ने जताई साजिश की आशंका
अखिलेश यादव ने भाजपा पर सपा की छवि खराब करने की साजिश रचने की आशंका जताई. इसके साथ ही उन्होंने विजयी एमएलसी प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे जीत में सहयोग करने वाले कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की सूची तैयार करें. बता दें कि 11 सीटों में से बीजेपी ने 6 और सपा ने 4 सीटें जीती हैं, जबकि 1 सीट (वाराणसी) पर सपा बढ़त बनाए हुए है.
1. स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (5 सीटें)
मेरठ स्नातक: दिनेश कुमार गोयल (BJP)
आगरा स्नातक: डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह (BJP)
इलाहाबाद-झांसी स्नातक: डॉ. मानसिंह यादव (SP)
लखनऊ स्नातक: कांति सिंह (सपा)
वाराणसी स्नातक: आशुतोष सिन्हा (सपा आगे)
2. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (6 सीटें)
लखनऊ शिक्षक: उमेश द्विवेदी (BJP)
मेरठ शिक्षक: श्रीचंद शर्मा (BJP)
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक: डॉ. हरि सिंह ढिल्लों (BJP)
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक: ध्रुव कुमार त्रिपाठी (BJP)
वाराणसी शिक्षक: लाल बिहारी यादव (सपा)
आगरा शिक्षक: डॉ. आकाश अग्रवाल (सपा)