टीवी के मशहूर एक्टर अर्जुन बिजलानी ने इस बार करवा चौथ को अपनी पत्नी नेहा स्वामी के लिए बेहद खास बना दिया. प्यार जताने के लिए अर्जुन ने ऐसा सरप्राइज दिया कि नेहा की खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा. एक्टर ने अपनी लेडी लव को एक बिल्कुल नई चमचमाती कार गिफ्ट की. अब इस खास तोहफे के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहे हैं.
आंखों पर पट्टी बांधी, फिर दिया शानदार सरप्राइज
अर्जुन ने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी के लिए एक प्यारा-सा नोट भी शेयर किया. उन्होंने नेहा को जन्मदिन की देर से दी गई बधाई के साथ करवा चौथ की शुभकामनाएं देते हुए अपना प्यार जाहिर किया. अर्जुन ने लिखा- हैप्पी करवा चौथ, बेबी. उस महिला के लिए एक छोटा-सा सरप्राइज, जो हर दिन को खास बना देती है. तुम जिंदगी की सारी खुशियों, प्यार और खूबसूरत चीजों की हकदार हो. साथ ही, जन्मदिन की देर से सही, ढेर सारी बधाई, माय लव.
वहीं, सामने आए वीडियो में अर्जुन पहले नेहा की आंखों पर पट्टी बांधते नजर आते हैं और फिर उन्हें नई कार दिखाकर सरप्राइज देते हैं. जैसे ही नेहा की नजर अपनी नई गाड़ी पर पड़ती है, उनके चेहरे की खुशी देखने लायक होती है. इसके बाद दोनों एक-दूसरे को गले लगाते हैं और नेहा अपनी नई कार की ड्राइव पर निकल पड़ती हैं. इस खास मौके पर अर्जुन की मां भी उनके साथ नजर आईं, जिन्होंने नई गाड़ी की पूजा की.
13 साल की शादी, लेकिन प्यार आज भी बरकरार
अर्जुन और नेहा की शादी साल 2013 में हुई थी. दोनों का एक बेटा अयान भी है. इतने साल साथ बिताने के बाद भी इस कपल की बॉन्डिंग और मस्ती देखने लायक है. हाल ही में दोनों रियलिटी शो 'पति पत्नी और पंगा' के सीजन 2 में नजर आए, जहां उन्होंने अपनी शादीशुदा जिंदगी से जुड़े कई दिलचस्प किस्से शेयर किए.
शो में नेहा ने बताया कि अर्जुन को उन्हें छेड़ने और उनकी टांग खींचने की आदत है. लेकिन उनके लिए प्यार जताने का मतलब हर वक्त रोमांटिक बातें करना नहीं है. नेहा के मुताबिक, दोनों के बीच इतनी अच्छी अंडरस्टैंडिंग है कि वे एक-दूसरे की खिंचाई भी खुलकर कर सकते हैं.
नेहा ने कहा कि शादी के 13 साल बाद उनका रिश्ता इतना सहज हो गया है कि प्यार जताने के लिए हर समय रोमांटिक होना जरूरी नहीं. वे एक-दूसरे के साथ बेहद कंफर्टेबल हैं और यही वजह है कि दोनों बिना किसी झिझक के एक-दूसरे को चिढ़ा सकते हैं, मजाक कर सकते हैं और ऐसी बातें कह सकते हैं, जिन्हें दूसरे कपल शायद कहने से पहले दो बार सोचें.
टीवी की दुनिया में भी अर्जुन का जलवा
अर्जुन बिजलानी टीवी के जाने-माने चेहरों में से एक हैं. वह 'मिले जब हम तुम', 'नागिन' और 'इश्क में मरजावां' जैसे पॉपुलर शोज में काम कर चुके हैं. इसके अलावा अर्जुन रियलिटी शोज में भी अपना दम दिखा चुके हैं. उन्होंने साल 2021 में 'फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 11' की ट्रॉफी अपने नाम की थी. साथ ही वह 'राइज एंड फॉल' का पहला सीजन भी जीत चुके हैं.