किसी ने सही कहा है कि प्यार अंधा होता है और प्यार में एक प्रेमी कुछ भी करने पर उतारू हो जाता है. कुछ ऐसी घटना प्रयागराज के मेजा में सामने आई है जहां पर प्रेमी ने अपनी प्रेमिका के दादा-दादी और बुआ की निर्मम हत्या कर दी. प्रेमी हिमांशु यादव ने इन तीनों को इसलिए मार दिया कि प्रेमिका के घर वाले उनकी शादी को तैयार नहीं थे. ऊपर से उन्होंने उसकी प्रेमिका को भी कहीं दूर भेज दिया था. हालांकि, प्रयागराज पुलिस ने आरोपी प्रेमी हिमांशु यादव को अरेस्ट कर लिया है. तीन लोगों की हत्या में शामिल हिमांशु यादव ने जुर्म को कबूल करते हुए हत्या की वजह शादी से इनकार और लड़की से ना मिलने देना बताया गया.
घर में मिली तीन लोगों की डेड बॉडी
प्रयागराज के मेजा इलाके के कुकुर कटवा गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक ही परिवार के तीन लोगों की डेड बॉडी घर के कैंपस में देखी गई. जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी. मरने वालों मे घर के बुजुर्ग यानी दादा श्यामलाल गुप्ता. श्याम लाल की पत्नी अमरावती गुप्ता, और रिश्ते में बुआ इंद्रावती गुप्ता की शामिल है. इन तीन लोगों की हत्या किसी और नहीं बल्कि गांव के ही रहने वाले हिमांशु यादव ने की थी. जानकारी के अनुसार हिमांशु यादव का मृतकों के घर की लड़की के साथ अफेयर था और ऐसा कहा जा रहा है यह लोग अक्सर मिला भी करते थे. कुछ दिन पहले दोनों घर से भाग भी गए थे. जब दोनों वापस घर आए तो दादा ने लड़की को उसकी मां के घर भेज दिया.
प्रेमिका से दूर कर लगाया था पहरा
उसके बाद घर वालों ने पहरा लगना शुरू कर दिया और लड़की के घर से निकलने पर रोक लगा दी. यही नहीं बल्कि एक बार तो दोनों परिवारों के समझौते के बाद लड़की को घर से हटाकर दूसरे रिश्तेदार के घर भेज दिया गया. हिमांशु यादव शादी करना चाहता था इसलिए कई बार उसने परिवार वालों से कहा लेकिन परिवार ने अपनी लड़की के साथ हिमांशु की शादी करने से मना कर दिया. लड़की को दूर भेज दिया गया ताकि दोनों में दूरियां बन सके. लेकिन यह दूरियां प्रेमी के लिए और खतरनाक हो गईं और हिमांशु ने तीन हत्याओं को अंजाम दे दिया.
12 घंटे में केस का खुलासा
फिलहाल प्रयागराज की गंगापार पुलिस ने घटना का खुलासा कर दिया है.गंगापार डीसीपी विवेक यादव के मुताबिक 12 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया गया है. आरोपी हिमांशु यादव और उसके दोस्त को पुलिस ने मुठभेड़ में अरेस्ट कर लिया गया है. हिमांशु ने अपने गुनाह को कबूल कर लिया है. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड भी किया है.