scorecardresearch
 

प्रतीक यादव को थीं लीवर और लंग्स की दिक्कतें... पोस्टमार्टम से मौत के कारणों का चलेगा पता

प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया. तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. सूत्रों के मुताबिक उन्हें लीवर और लंग्स से जुड़ी बीमारी भी थी. जिसको लेकर कई बार वे एडमिट भी हुए थे.

Advertisement
X
प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया. (photo: ITG)
प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया. (photo: ITG)

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बुधवार को लखनऊ में निधन हो गया. उनके निधन की खबर से समाजवादी पार्टी और यादव परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है. बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया. हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

प्रतीक यादव को थीं लीवर और लंग्स की दिक्कतें
प्रतीक यादव को लीवर और लंग्स की दिक्कतें थीं. सूत्र बता रहे हैं कि वो कई बार लखनऊ के एक हॉस्पिटल में एडमिट हुए थे. लेकिन कभी बहुत लंबे समय के लिए एडमिट नहीं हुए. तबीयत बिगड़ती थी तो उन्हें एडमिट कराते थे. आराम होने पर एक दो दिन में डिस्चार्ज होकर घर चले जाते थे. 

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी. परिवार के करीबी लोग और समर्थक लगातार अस्पताल और आवास पर पहुंच रहे हैं. इस दुखद घटना के बाद यादव परिवार में मातम का माहौल है.

प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी की नेता हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष भी हैं. उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर फैल गई. समाजवादी पार्टी समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दी है.

Advertisement

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी जताया दु:ख
समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा कि प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद है और ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें. वहीं अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए लिखा कि “प्रतीक यादव जी का निधन अत्यंत दुखद है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें.”

प्रतीक यादव लंबे समय से सार्वजनिक और राजनीतिक गतिविधियों से दूरी बनाए हुए थे, लेकिन परिवार और करीबी लोगों के बीच उनकी खास पहचान थी. उनके निधन से न केवल यादव परिवार बल्कि समर्थकों और शुभचिंतकों में भी गहरा दुख है. अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement