scorecardresearch
 

ताऊ अखिलेश... प्रतीक यादव की अंतिम विदाई में भतीजी को दुलारते दिखे, इमोशनल VIDEO

Prateek Yadav Funeral: लखनऊ के बैकुंठधाम में प्रतीक यादव के अंतिम संस्कार के दौरान एक भावुक तस्वीर सामने आई. वहां प्रतीक की छोटी बेटी अपने ताऊ अखिलेश यादव की गोद में बैठी दिखीं. शोक की इस घड़ी में अखिलेश अपनी नन्हीं भतीजी को दुलारते और चॉकलेट खिलाकर उसका मन बहलाते नजर आए, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.

Advertisement
X
अखिलेश संग प्रतीक यादव की बेटी (Photo- Screengrab)
अखिलेश संग प्रतीक यादव की बेटी (Photo- Screengrab)

समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव गुरुवार को लखनऊ के बैकुंठधाम श्मशान घाट पर पंचतत्व में विलीन हो गए. दुख के इस पहाड़ के बीच परिवार के अपनत्व की एक मार्मिक झलक तब दिखी जब प्रतीक की मासूम बेटी अपने ताऊ अखिलेश यादव के बगल में बैठी नजर आई. अंतिम संस्कार की रस्मों के दौरान हर तरफ छाई मायूसी के बीच अखिलेश यादव अपनी नन्हीं भतीजी को चॉकलेट खिलाकर उसका मन बहलाते दिखे. फेफड़ों की नसों में खून का थक्का जमने से हुई प्रतीक की असामयिक मृत्यु ने पूरे कुनबे को झकझोर दिया है, जहां अपर्णा यादव के पिता अरविंद सिंह बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी.

मासूम से दुलार 

अंतिम संस्कार के भारी माहौल में रिश्तों की कोमलता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर दिल जीत रहा है. प्रतीक की छोटी बेटी अपने हाथ में मौजूद चॉकलेट को खोलने की कोशिश कर रही थी, लेकिन मासूम हाथों से वह खुल नहीं रही थी. शोक में डूबे अखिलेश यादव की नजर जैसे ही अपनी भतीजी पर पड़ी, उन्होंने सारा गम किनारे रख बड़े स्नेह से उसके हाथ से चॉकलेट ली. अखिलेश ने न सिर्फ उसे खोलकर बच्ची को थमाया, बल्कि उसे दुलारते हुए चॉकलेट खिलाई. देखें वीडियो- 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ भावुक पल

दुख की इस घड़ी में ताऊ और भतीजी के बीच का यह अनमोल क्षण किसी ने अपने कैमरे में कैद कर लिया. वीडियो वायरल होते ही लोग अखिलेश यादव के इस मानवीय व्यवहार की जमकर तारीफ कर रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन परिवार का साथ और बच्चों के प्रति ऐसा प्रेम ही इंसानियत की असली पहचान है. भारी मन और भीगी आंखों के बीच अखिलेश का यह दुलार चर्चा का विषय बना हुआ है.

Advertisement

पंचतत्व में विलीन हुए प्रतीक

लखनऊ के बैकुंठधाम में पूरे राजनैतिक और पारिवारिक सम्मान के साथ प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत की वजह फेफड़ों में क्लॉटिंग और ऑक्सीजन की कमी से दिल पर बढ़ा दबाव बताई गई है. डॉक्टरों ने गहन जांच के लिए कुछ सैंपल भी सुरक्षित रखे हैं. विदाई की इस बेला में पूरा यादव कुनबा भावुक नजर आया, लेकिन अखिलेश और उस मासूम बच्ची की तस्वीर ने गमगीन माहौल में भी अपनों के साथ की एक अमिट छाप छोड़ दी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement