दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी का एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में पिंकी चौधरी अपने कुछ समर्थकों के साथ दिखाई दे रहे हैं. इनमें से कुछ लोगों के हाथों में डंडे नजर आ रहे हैं. पिंकी चौधरी ने डंडे दिखाते हुए समर्थकों से अगले दिन सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है.
वीडियो में पिंकी चौधरी CJP के प्रदर्शनकारियों को निशाने पर लेते हुए कहते हैं कि हिंदू रक्षा दल और दूसरे हिंदुत्ववादी संगठनों के कार्यकर्ता भगवा और हिंदू देवी-देवताओं के कथित अपमान के विरोध में दिल्ली पहुंचेंगे. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि भगवा के सम्मान के लिए एकजुट हो रहे हैं. इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर भी हिंदुत्ववादी संगठनों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया.
पिंकी चौधरी वीडियो में प्रदर्शनकारियों का ‘दिमाग ठीक करने’ और लाठी लेकर पहुंचने जैसी बातें कहते सुनाई देते हैं. उन्होंने हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं और सनातनियों से बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचने का आह्वान किया. उनके इस बयान को प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान संभावित टकराव की आशंका के तौर पर देखा जा रहा है.
दिल्ली पहुंचने की अपील
दरअसल, CJP ने 10 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है. वहीं, पिंकी चौधरी ने अपने समर्थकों से दिल्ली पहुंचने की अपील की है. दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. ऐसे में प्रदर्शन को लेकर कानून-व्यवस्था और संभावित टकराव की स्थिति पर नजर बनी हुई है.
पुलिस ने प्रदर्शन को लेकर क्या कहा?
दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होने वाले प्रदर्शन को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है. यह प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और कुछ छात्र संगठनों की ओर से बुलाया गया था. नई दिल्ली रेंज की जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस नूपुर प्रसाद ने शुक्रवार को बताया कि प्रदर्शन के लिए आवेदन काफी देर से मिला था. नियमों के अनुसार, किसी भी प्रदर्शन की सूचना 10 दिन पहले देना जरूरी है. उन्होंने यह भी कहा कि CJP को पहले प्रदर्शन करने की अनुमति दी गई थी, लेकिन उस दौरान संगठन ने पुलिस के निर्देशों और अपनी ओर से दिए गए आश्वासनों का पालन नहीं किया था.