उत्तर प्रदेश के एक युवा IPS अफसर ने इस चैत्र नवरात्रि में सांप्रदायिक सौहार्द की एक खूबसूरत तस्वीर पेश की. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में वे अपनी पत्नी के साथ पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से कन्याओं का पूजन करते और उनके पैर पखारते नजर आ रहे हैं.
मोहम्मद मुश्ताक वर्तमान में उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के एसपी हैं. वे 2016 बैच के आईपीएस अफसर हैं.
नवरात्रि के मौके पर उनके घर पर हुए कन्या पूजन का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है. लोग उनकी इस पहल की तारीफ कर रहे हैं. IPS अफसर ने शेयर किया VIDEO:-
करियर की दिलचस्प यात्रा
मोहम्मद मुश्ताक का जन्म 15 जून 1988 को बिहार के छपरा जिले के जनता बाजार गांव में हुआ. उनके पिता मोहम्मद जहीरुद्दीन गांव में कपड़े की दुकान चलाते थे. उन्होंने 2008 में पटना विश्वविद्यालय से BA की डिग्री हासिल की.
2011 में उन्हें बिहार पीसीएस की नौकरी मिल गई, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया. उसी साल एसएसबी में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर भी चयन हुआ, पर वह नौकरी भी छोड़ दी. 2013 में UPSC परीक्षा पास कर IRS अधिकारी बने.
इसके बाद 2013 से 2016 तक गुजरात के राजकोट में डिप्टी कमिश्नर के रूप में काम किया. दिन में ड्यूटी और रात में सिविल सर्विसेज की तैयारी करते रहे. 2016 में उन्होंने आईपीएस बनने का सपना पूरा किया.
IPS ट्रेनिंग के बाद उनकी पहली पोस्टिंग झांसी में एएसपी के रूप में हुई. 2019 में वाराणसी में कैंट सर्किल के सीओ बने. 2020 में आगरा सेक्टर में तैनात रहे. इसके बाद तीन साल तक GRP में एसपी के पद पर काम किया.
'ऑपरेशन मुस्कान' से दिलाई पहचान
बतौर पुलिस अफसर मुश्ताक की पहचान एक संवेदनशील अफसर की रही है. GRP आगरा में एसपी रहते हुए उन्होंने 'ऑपरेशन मुस्कान' और गाजियाबाद में 'ऑपरेशन स्माइल' के जरिए महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली और बंगाल समेत कई राज्यों के करीब 600 बिछड़े हुए बच्चों को उनके परिवारों तक पहुंचाया. झांसी, वाराणसी और आगरा में उनकी पोस्टिंग काफी सफल रही है.
सर्वधर्म समभाव की अनूठी मिसाल
वर्तमान में ललितपुर एसपी के पद पर तैनात मोहम्मद मुश्ताक का यह कन्या पूजन वाला वीडियो न सिर्फ उनकी निजी आस्था बल्कि समाज में एकता और भाईचारे का भी संदेश दे रहा है. सोशल मीडिया यूजर्स एसपी की जमकर तरीफ करते नजर आ रहे हैं.