scorecardresearch
 

UP: कारोबारी की बेटी ने प्रेमी संग रची डकैती की साजिश, घर से करोड़ों की नकदी और जेवरात लूटे

मुरादाबाद में पीतल कारोबारी के घर हुई करोड़ों की डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. कारोबारी की बेटी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची थी. पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये नकद, तमंचे, मोबाइल और कारें बरामद की हैं.

Advertisement
X
कारोबारी की बेटी ने घर में कराई डकैती. (Photo: ITG)
कारोबारी की बेटी ने घर में कराई डकैती. (Photo: ITG)

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पीतल कारोबारी की बेटी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपने ही घर में डकैती करवा दी. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए कारोबारी की बेटी, उसके प्रेमी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

यह वारदात 11 मई की सुबह थाना नागफनी क्षेत्र के अकबर कंपाउंड में रहने वाले पीतल कारोबारी मोहम्मद इमरान के घर हुई थी. तड़के करीब चार बजे बदमाश घर में घुसे और परिवार को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया. इसके बाद आरोपी घर से करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये नकद और सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गए.

घटना के वक्त कारोबारी मोहम्मद इमरान, उनकी पत्नी सीमा, दो बेटे और दो बेटियां घर में मौजूद थे. बदमाश वारदात के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए थे ताकि कोई सबूत न बच सके. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई. मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई थीं. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई.

Advertisement

बेटी ने रची करोड़ों की डकैती की साजिश
 

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कारोबारी की बेटी अरीबा और अमरोहा निवासी अरशद वारसी के बीच पिछले सात से आठ वर्षों से प्रेम संबंध थे. अलग जाति होने की वजह से दोनों की शादी नहीं हो पा रही थी. इसी कारण दोनों ने पैसे लेकर अलग जिंदगी शुरू करने की योजना बनाई.

पुलिस जांच में सामने आया कि अरीबा ने अपने प्रेमी अरशद को घर में रखी भारी नकदी की जानकारी दी थी. इसके बाद अरशद ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर की रेकी की और पूरी डकैती की योजना बनाई. पुलिस के मुताबिक अरीबा ने करीब एक महीने पहले ही घर के मुख्य गेट की चाबी अरशद को दे दी थी. घटना वाले दिन उसने घर का डिजिटल लॉक भी अंदर से खोल दिया था, जिससे आरोपी आसानी से घर के भीतर दाखिल हो गए.

बेटी समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
 

पुलिस ने इस मामले में अरीबा, उसके प्रेमी अरशद वारसी और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 47 लाख 24 हजार रुपये नकद, चार तमंचे, पांच मोबाइल फोन और दो कारें बरामद की गई हैं. फिलहाल पुलिस बाकी रकम और इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement