उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र के मोढ़ातैया गांव में मां-बेटी की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है. 36 घंटे के भीतर करीब 500 मीटर की दूरी पर अलग-अलग खेतों से मां और उसकी 12 साल की बेटी के शव बरामद हुए हैं. घटना के बाद से मृतका का पति फरार है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
बुधवार को गांव के पास ईख के खेत में एक महिला का शव मिला था. पुलिस के अनुसार महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई थी और पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा जला दिया गया था. इसके अगले दिन उसी क्षेत्र से करीब 500 मीटर दूर दूसरे ईख के खेत में 12 वर्षीय किशोरी का शव मिला. पुलिस ने उसकी पहचान मृत महिला की बेटी के रूप में की है.
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. घटना के बाद से मृतका का पति फरार है और उसकी तलाश की जा रही है.
एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह के मुताबिक, अब तक की पूछताछ में महिला के पति और उसके जेठ पर मिलकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है. प्रारंभिक जांच में परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान जमीन बेचने को लेकर विवाद की बात सामने आई है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द पूरे मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है.