scorecardresearch
 

'क्या ये नया वाला आईफोन है...?' सवाल पूछा, 'हां' सुनते ही ग्रेटर नोएडा में बदमाशों ने युवती से iPhone 18 Pro झपटा

"क्या यह नया वाला iPhone है?" ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ई-रिक्शा में बैठी युवती से बाइक सवार बदमाशों ने बस यही सवाल पूछा. बेफिक्र युवती ने जैसे ही मुस्कुराते हुए 'हां' कहा, बदमाशों ने झपट्टा मारा और महज तीन दिन पहले खरीदा गया नया-नवेला iPhone 18 Pro छीनकर रफूचक्कर हो गए. अब पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है.

Advertisement
X
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आईफोन लूटकर भागे बदमाश (Photo- ITG)
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आईफोन लूटकर भागे बदमाश (Photo- ITG)

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में एक मूर्ति गोलचक्कर के पास बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ई-रिक्शा पर बैठी युवती से उनका नया iPhone 18 Pro मोबाइल फोन झपट लिया. यह वारदात उस वक्त हुई जब पीड़िता सुबह अपने घर से ऑफिस जाने के लिए निकली थीं और ई-रिक्शा का ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए मोबाइल निकाल रही थीं. बदमाशों ने शातिराना अंदाज में पहले युवती से रास्ता पूछा, फिर मोबाइल की पहचान की पुष्टि की और पलक झपकते ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.

पेमेंट के लिए निकाला था तीन दिन पुराना मोबाइल

सेंचुरियन पार्क सोसाइटी की रहने वाली शुभी भंडारी सुबह दफ्तर जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुई थीं. एक मूर्ति गोलचक्कर के पास पहुंचते ही उन्हें ई-रिक्शा वाले को ऑनलाइन भुगतान करना था. जैसे ही उन्होंने अपना फोन निकाला, पीछे से हेलमेट पहने दो बाइक सवार युवक उनके पास आकर रुके.

'हां' बोलते ही हाथ से झपट लिया फोन

पीड़िता के अनुसार, बाइक सवार युवकों ने पहले उनसे एक पता पूछा. इसके बाद उनकी नजर हाथ में मौजूद चमचमाते फोन पर पड़ी. बदमाशों ने पूछा कि क्या यह नया वाला iPhone है? शुभी के हां कहते ही आरोपियों ने मोबाइल झपट लिया. पीड़िता के पति साकेत गुप्ता ने बताया कि यह iPhone 18 Pro तीन दिन पहले ही खरीदा गया था.

पुलिस दर्ज की FIR, सीसीटीवी खंगाल रही टीम

Advertisement

वारदात के बाद पीड़ित परिवार ने बिसरख पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि व्यस्त सड़कों पर सुबह के समय पुलिस की गश्त कम रहती है. वहीं, थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की ओर से ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान में जुटी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement