मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र के नरहेड़ा गांव में शनिवार सुबह एक किशोरी का शव बाग में मिलने से सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किशोरी की गला घोटकर हत्या की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में घटना का खुलासा कर दिया.
मृतका की पहचान गांव की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी के रूप में हुई. शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की. मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली.
यह भी पढ़ें: 'ऐसा एक्शन होगा कि याद रखोगे...', मेरठ के SP का 'सिंघम' अवतार, गैंगस्टर के घर जाकर चेताया, VIDEO
जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर किशोरी के मामा सरताज को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या के आरोप में सरताज को गिरफ्तार कर लिया.
सीसीटीवी जांच से खुली हत्या की परतें
मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली थी कि थाना लोहिया नगर क्षेत्र के नरहेड़ा गांव में एक शव पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही सीओ कोतवाली अभिषेक और एसओ लोहिया नगर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की. इसी दौरान जांच का शक किशोरी के मामा सरताज पर गया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें हत्या की पूरी कहानी सामने आ गई.
पूछताछ में सरताज ने बताया कि किशोरी कई लड़कों से बात किया करती थी. उसे कई बार समझाया गया था कि वह लड़कों से बातचीत न करे, लेकिन वह नहीं मानी और लगातार अन्य लड़कों से संपर्क में रहती थी. इसी बात को लेकर परिवार में नाराजगी थी और उसका मामा सरताज भी उससे विवाद करता था.
मामा गिरफ्तार, सौतेला भाई फरार
पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के दौरान सरताज ने किशोरी का गला घोटकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई गई. पुलिस जांच में सामने आया कि किशोरी के सौतेले भाई शोएब को भी घटना की जानकारी थी.
आरोप है कि सरताज और शोएब ने मिलकर किशोरी के शव को नरहेड़ा क्षेत्र के एक बाग में डाल दिया, ताकि घटना को छिपाया जा सके. हत्या के बाद दोनों वहां से चले गए.
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर घटना का खुलासा करते हुए आरोपी मामा सरताज को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, किशोरी का सौतेला भाई शोएब अभी फरार है. पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश की जा रही है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.