मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रिश्तों के कत्ल का मामला सामने आया है. यहां एक कलयुगी बेटे ने अपने पिता की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने चाकू से अपनी कलाई भी काट ली. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत ले लिया. बताया जा रहा है कि पिता पुत्र दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे. इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और बेटे ने अपने पिता पर हमला कर दिया.
ये घटना शुक्रवार-शनिवार रात की है. मृतक की पहचान राजेश के रूप में हुई है जो मूल रूप से बिहार के मोतिहारी का रहने वाला था. राजेश मेरठ के जेलचुंगी इलाके में अपने बड़े बेटे अमन के साथ रहता था. दोनों पिछले करीब 20 साल से यहां नगर निगम की दो दुकानों में रहकर स्क्रैप का काम करते थे. जबकि राजेश की पत्नी अनीता, बेटा अंकित और बेटियां खुशी व जूली बिहार में ही रहते हैं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में चलती हुई बारात में लाइव मर्डर, सामने आया डराने वाला CCTV फुटेज
बताया जा रहा है कि आरोपी बेटा अमन और पिता नशे का आदी है. शनिवार को शराब पीने के बाद दोनों पिता पुत्र का विवाद हुआ. जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई. गुस्से में अमन ने ईंट उठाकर पिता के सिर और शरीर पर कई वार कर दिए, जिससे राजेश की मौत हो गई. आसपास के लोगों को जब झगड़े और घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया.
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है. इस मामले में मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम में बताया कि सिविल लाइन थाना पुलिस को रात 12:30 बजे सूचना प्राप्त हुई. सूचना देने वाले ने कहा कि जेल चुंगी के पास पिता पुत्र राजेश और अमन में शराब पीने के बाद कहासुनी हुई. जिसके बाद बेटे अमन ने राजेश के सिर पर वार कर दिया और उसकी मौत हो गई. मामले में बेटे को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है.