दिल्ली के वजीरपुर इलाके में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब बारात के दौरान हुए झगड़े में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना भारत नगर थाना क्षेत्र की जेजे कॉलोनी की है, जहां रास्ता खाली कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने एक व्यक्ति पर बेल्ट, लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की बाद में मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं.
पुलिस के मुताबिक, 12 मार्च 2026 को भारत नगर थाने में पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली थी कि वजीरपुर की के-ब्लॉक जेजे कॉलोनी में झगड़ा हो गया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायलों को पास के दीपचंद बंधु अस्पताल ले जाया जा चुका था.
अस्पताल में पुलिस को 42 वर्षीय मोहन लाल और 47 वर्षीय वीरेंद्र घायल अवस्था में भर्ती मिले. दोनों वजीरपुर की जेजे कॉलोनी के रहने वाले बताए गए हैं. जांच में सामने आया कि माता पार्क (पथवारी पार्क) के पास बारात को रास्ता देने को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद कुछ युवकों ने हमला कर दिया.
पुलिस के अनुसार, साहिल उर्फ नटवाला उर्फ लाला अपने साथियों राघव उर्फ अलीगढ़िया उर्फ रोमियो उर्फ अक्षय कुमार, अभिषेक उर्फ बघीरा और अर्जुन के साथ मिलकर पीड़ितों पर हमला करने का आरोप है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने बेल्ट, डंडों और लोहे की रॉड से जमकर पिटाई की. इस हमले में तीन छोटी बच्चियों के पिता मोहन कोली गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई.
पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है, जिसके फुटेज अब जांच में अहम साक्ष्य माने जा रहे हैं.पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज एक घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. इस मामले में भारत नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है.