यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर एक मौलाना की टिप्पणी के बाद प्रदेश में माहौल गरमा गया है. इस बयान को लेकर कई जिलों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं, जबकि संभावित तनाव को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया है.
सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश के सभी जिलों को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से कहा गया है कि वे संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखें और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें.
राजधानी लखनऊ में भी विरोध प्रदर्शन किया गया. मौलाना अब्दुल्ला सलीम ने आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी. इसी को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई है और पुलिस ने कार्रवाई की मांग की.
प्रदेश के देवरिया, रायबरेली और सिद्धार्थनगर जिलों में मौलाना के बयान के विरोध में लोग सड़कों पर उतर आए. कई जगहों पर लोगों ने प्रदर्शन करते हुए नाराजगी जताई और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
यह भी पढ़ें: CM योगी की मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर लखनऊ में प्रदर्शन... मौलाना अब्दुल्ला सलीम का फूंका पुतला
स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
खुफिया एजेंसियों और पुलिस को आशंका है कि आने वाले समय में प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी प्रदर्शन हो सकते हैं. खासकर गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मथुरा समेत करीब दो दर्जन जिलों में विरोध प्रदर्शन की संभावना जताई जा रही है.
सोशल मीडिया पर रखी जाए नजर
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी तरह की भड़काऊ पोस्ट या अफवाहों को तुरंत रोका जा सके.
अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. इसलिए पुलिस को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है. वहीं प्रदर्शन कर रहे लोगों से भी शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की जा रही है.