scorecardresearch
 

उन्नाव में साधु हत्याकांड का आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर, मंदिर में साउंड सिस्टम बजाने पर किया था मर्डर

उन्नाव में साधु मिलन दास हत्याकांड के मुख्य आरोपी इसराइल का पुलिस ने देर रात मुठभेड़ में खात्मा कर दिया. एक लाख रुपये के इनामी इसलाइव पर पुलिस टीम पर फायरिंग का आरोप है. जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ और अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया. मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है.  

Advertisement
X
साधु हत्याकांड का आरोपी इसराइल पुलिस एंकाउंटर में ढेर (Photo: itg)
साधु हत्याकांड का आरोपी इसराइल पुलिस एंकाउंटर में ढेर (Photo: itg)

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में चर्चित साधु हत्याकांड के मुख्य आरोपी इसराइल उर्फ इजराइल का रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में अंत हो गया. हत्या के बाद से फरार चल रहे आरोपी पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था.

पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है.

मंदिर में साउंड सिस्टम बजाने पर मर्डर

यह मामला बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के घूरे टीला कस्बे का है. यहां रहने वाले बाबा मिलन दास अपनी जमीन पर राम मंदिर का निर्माण करा रहे थे. बताया गया कि मंदिर में साउंड सिस्टम बजाने को लेकर उनका अन्य समुदाय के कुछ लोगों से विवाद हुआ था. इसके बाद 9 जून को दिनदहाड़े बाबा मिलन दास पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई थी. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था.

Advertisement

परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने इसराइल, यामीन, शानू, मोहम्मद शफी और लल्ली उर्फ अजय गौतम समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. जांच के दौरान पुलिस चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी इसराइल लगातार फरार चल रहा था.

आधी रात 3:40 बजे हुई मुठभेड़

उन्नाव के पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के अनुसार, रविवार देर रात करीब 3:40 बजे बांगरमऊ पुलिस और एसओजी टीम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी इसराइल ग्राम ताजपुर अंडरपास के पास अपने किसी साथी का इंतजार कर रहा है.

सरेंडर को बोला तो चला दी गोली

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की घेराबंदी की और उसे सरेंडर करने को कहा. पुलिस के मुताबिक, इसराइल ने सरेंडर करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी. एक गोली उपनिरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि एसओजी के आरक्षी विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए.

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इसराइल को गोली लगी. उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौके से एक चाकू, 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement