UP के महोबा जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां एक रोडवेज बस और ट्रक की भीषण भिड़ंत हो गई. शहर कोतवाली के करहराकलां के पास हुए इस हादसे में बस पलट गई, जिससे चालक मोहम्मद आजाद की दर्दनाक मौत हो गई. बस में सवार करीब 22 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है.
शहर कोतवाली इलाके के करहराकलां गांव के पास आज एक चीख-पुकार मच गई. मुस्करा से महोबा की ओर आ रही रोडवेज बस (UP 78 LN 8233) की सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (UP 90 T 5465) से जोरदार भिड़ंत हो गई.
ग्रामीणों ने दिखाई इंसानियत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. हादसे के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे. घटना होते ही खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर बचाव के लिए दौड़ पड़े.
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस की खिड़कियां तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया. इस हादसे में 5 बच्चों समेत कुल 22 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 71 वर्षीय महेंद्र कुमार और 7 माह का आरो, 5 वर्षीय सेजल जैसे यात्री शामिल हैं. सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुँचाया गया.
दुखद बात यह रही कि बस चालक, कल्याण नगर निवासी 47 वर्षीय मोहम्मद आजाद की इस हादसे में जान चली गई. चश्मदीद महिला यात्री गोमती के मुताबिक, ट्रक बेहद तेज रफ्तार में था.
आखिरी सांस तक निभाया फर्ज
ड्राइवर मोहम्मद आजाद ने यात्रियों की जान बचाने के लिए आखिरी समय तक संघर्ष किया और बस को काटने की कोशिश की, लेकिन इसी कोशिश में वह खुद काल के गाल में समा गए.
घटना की सूचना मिलते ही ASP वंदना सिंह और एआरएम प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे. एएसपी ने बताया कि दुर्घटना करने वाले ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और राहत कार्य पूरा कर लिया गया है. अस्पताल में भर्ती ज्यादातर यात्रियों की हालत अब स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है.
महोबा डिपो ARM प्रवीण कुमार ने बताया कि रोडवेज विभाग ने भी मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है ताकि हादसे की सटीक वजह का पता चल सके. फिलहाल, पुलिस ने चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.