scorecardresearch
 

राशिद खान ने रच दिया नया इतिहास, T20I में ऐसा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज

अफगानिस्तान ने यह मुकाबला 19 रनों से जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली. अफगानिस्तान की सीरीज जीत के बीच राशिद खान का 200 विकेट्स का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी मुकाबले की सबसे बड़ी उपलब्धि बन गया.

Advertisement
X
राशिद खान का टी20 क्रिकेट में जवाब नहीं, बनाया खास रिकॉर्ड. (Photo: ACB)
राशिद खान का टी20 क्रिकेट में जवाब नहीं, बनाया खास रिकॉर्ड. (Photo: ACB)

अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ऐसा मुकाम हासिल किया है, जहां अब तक कोई गेंदबाज नहीं पहुंच सका था. वह टी20 इंटरनेशनल में 200 विकेट पूरे करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं. गुरुवार (29 अक्टूबर) को शारजाह में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में तदिवानाशे मारुमनी को आउट करते ही उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली.

राशिद खान ने अक्टूबर 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ ही टी20 इंटरनेशनल में पदार्पण किया था. सितंबर 2025 में वह टी20 इंटरनेशनल के सबसे सफल गेंदबाज बने थे. उस दौरान उन्होंने टिम साउदी को पीछे छोड़ा था. अब 200 विकेट का आंकड़ा छूकर उन्होंने अपनी बादशाहत और मजबूत कर ली है. इस सूची में इंग्लैंड के आदिल राशिद 171 विकेट्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं.

इस मुकाबले में अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई और इजाज अहमद अहमदजई ने भी इतिहास रचा. दोनों ने छठे विकेट के लिए 142 रन जोड़े. टी20 इंटरनेशनल में इस विकेट के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है. उन्होंने आंद्रे रसेल और शेरफेन रदरफोर्ड के 139 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा.

यह अफगानिस्तान की ओर से टी20 इंटरनेशनल में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी भी है. इससे पहले मोहम्मद नबी और इब्राहिम जादरान के बीच 86 रनों की साझेदारी हुई थी.

Advertisement

मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 221 रन बनाए. उमरजई ने 50 गेंदों पर 116 रनों की विस्फोटक पारी खेली. जबकि इजाज अहमद अहमदजई ने 27 गेंदों पर 52 रन बनाए. जवाब में जिम्बाब्वे की शुरुआत ठीक रही और ब्रायन बेनेट तथा इनोसेंट काइया ने पहले विकेट के लिए 39 रन जोड़े.

हालांकि, इसके बाद जिम्बाब्वे की टीम ने 84 रनों के स्कोर तक पांच विकेट गंवा दिए. कप्तान सिकंदर रजा ने नाबाद 106 रन और तफाद्जवा त्सिगा ने नाबाद 31 रन बनाकर छठे विकेट के लिए 120 रन जोड़े, लेकिन टीम 20 ओवर में 202 रन ही बना सकी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement