
राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके इंदिरानगर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां शादी के सिर्फ 5 महीने बाद एक नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला है. मृतका के मायके वालों ने प्राइवेट बैंक में डिप्टी मैनेजर पति पर बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं.
आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी पति पत्नी को अस्पताल ले जाने के बजाय शव के साथ फोटो खिंचवाता रहा. पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है.
आपको बता दें कि बिहार के बक्सर की रहने वाली 24 वर्षीय सोनाली की शादी इसी साल फरवरी में भोजपुर के कमलाकांत मिश्रा से हुई थी. कमलाकांत इंदिरानगर (शिवाजीपुरम) में एक किराये के फ्लैट में रहता है और प्राइवेट बैंक में डिप्टी मैनेजर है. सोनाली बीते 28 जून को ही पति के पास लखनऊ आई थी, लेकिन शनिवार देर रात उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला.
घटना की सूचना मिलते ही रविवार को मृतका के परिजन बिहार से लखनऊ पहुंचे. भाई अभिषेक ओझा की तहरीर पर इंदिरानगर पुलिस ने पति कमलाकांत, सास रमावती, ससुर शारदानंद, ननद गिरिजा, जेठ लक्ष्मीकांत और जेठानी लक्ष्मी समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है.
मृतका के भाई अभिषेक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शादी में उन्होंने दिल खोलकर खर्च किया था. 15 लाख रुपये कैश और करीब ढाई लाख रुपये का फर्नीचर दिया गया था. इसके बावजूद ससुराल वाले खुश नहीं थे. आरोप है कि पति और उसके घरवाले लगातार कार और मोटी नकदी की मांग कर रहे थे, जिसके लिए सोनाली को मानसिक और शारीरिक रूप से टॉर्चर किया जाता था.

भाई ने बताया कि शनिवार रात बहनोई का फोन आया कि सोनाली ने सुसाइड कर लिया है. जब हम अस्पताल पहुंचे तो वह मृत थी. पति ने वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए साजिश रची और अस्पताल ले जाने से पहले डेडबॉडी के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं. दूसरी ओर, हिरासत में लिए गए बैंक डिप्टी मैनेजर कमलाकांत ने पुलिस पूछताछ में अपनी अलग कहानी बताई है.
कमलाकांत के मुताबिक, नौकरी की व्यस्तता के कारण वे हनीमून पर नहीं जा पाए थे. इस रविवार को दोनों को कश्मीर जाना था, जिसके लिए एक महीने पहले फ्लाइट के टिकट भी बुक हो चुके थे. कमलाकांत का दावा है कि शुक्रवार को उसने फ्लाइट का टिकट कैंसिल कर ट्रेन का टिकट बुक कर दिया, जिससे सोनाली बेहद नाराज हो गई और दोनों के बीच विवाद हुआ. शनिवार को उसने ट्रेन का टिकट सोनाली को वॉट्सएप किया और जब फोन नहीं उठा, तो मकान मालिक को देखने भेजा. अंदर से दरवाजा बंद होने पर जब वह खुद पहुंचा, तो सोनाली फंदे पर लटकी थी.
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद और दहेज प्रताड़ना से जुड़ा नजर आ रहा है. फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और साइंटिफिक एविडेंस (साक्ष्यों) का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.