scorecardresearch
 

कसमंडी किला-मस्जिद विवाद में प्रशासन का बड़ा फैसला, बकरीद की नमाज बैन... भारी संख्या में फोर्स तैनात

लखनऊ के कसमंडी क्षेत्र में किला-मस्जिद विवाद को लेकर प्रशासन ने बकरीद पर विवादित स्थल पर नमाज अदा करने पर रोक लगा दी है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है. पासी समाज इस स्थल को राजा कंस का ऐतिहासिक किला बता रहा है और संरक्षण की मांग कर रहा है.

Advertisement
X
इलाके में की गई बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती. (Photo: ITG)
इलाके में की गई बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती. (Photo: ITG)

लखनऊ के कसमंडी क्षेत्र में किला-मस्जिद विवाद ने तूल पकड़ लिया है. बकरीद से पहले प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए विवादित स्थल पर नमाज अदा करने पर रोक लगा दी है. प्रशासन का कहना है कि यह फैसला कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित तनाव को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है. इस निर्णय के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार विवादित स्थल को लेकर पिछले कुछ दिनों से दोनों पक्षों के बीच मतभेद बढ़ रहे थे. एक ओर मुस्लिम पक्ष इसे मस्जिद बता रहा है, वहीं पासी समाज के लोग इस स्थान को राजा कंस का ऐतिहासिक किला होने का दावा कर रहे हैं. पासी समाज के कई संगठनों ने इस स्थल को संरक्षित घोषित किए जाने की मांग भी उठाई है. उनका कहना है कि यह स्थल उनके इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा हुआ है.

विवाद की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों से संवाद कर रहा है. अधिकारियों ने साफ किया है कि किसी भी पक्ष को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.

Advertisement

इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बलों की हुई तैनाती
बकरीद के मद्देनजर इलाके में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. विवादित स्थल के आसपास पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती की गई है. ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी भी बढ़ा दी गई है. सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए साइबर टीम को भी सक्रिय किया गया है, ताकि किसी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट या अफवाह को तुरंत रोका जा सके.

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. अधिकारियों ने यह भी संकेत दिया है कि विवाद से जुड़े ऐतिहासिक और कानूनी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. फिलहाल प्रशासन का पूरा फोकस बकरीद के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने पर है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement