scorecardresearch
 

10 हजार रुपये की रंगदारी नहीं दी तो युवक पर बरसाए डंडे और लोहे की रॉड, मरा समझकर मौके से भागे बदमाश

लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में रंगदारी नहीं देने पर दबंगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. 8 से 10 हमलावरों ने लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से पीटकर उसे अधमरा कर दिया और मृत समझकर फरार हो गए. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.

Advertisement
X
पीड़ित अखिलेश कुमार.(Photo: Ankit Mishra/ITG)
पीड़ित अखिलेश कुमार.(Photo: Ankit Mishra/ITG)

राजधानी लखनऊ से रंगदारी और दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इंदिरानगर थाना क्षेत्र के बजरंग चौराहे पर रंगदारी नहीं देने से नाराज बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. हमलावरों ने लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से इतनी बेरहमी से पिटाई की कि युवक बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा. आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए.

जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे की बताई जा रही है. घायल की पहचान मोहम्मदपुर मजरा निवासी अखिलेश कुमार के रूप में हुई है. वह बजरंग चौराहे से अपने घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया.

यह भी पढ़ें: लावारिस कार, अंदर दारोगा की लाश और सीने पर खून... लखनऊ में रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

पीड़ित के मुताबिक, चेतराम, रितिक रावत, सूरज रावत, करन रावत समेत 8 से 10 लोगों ने असलहे लहराते हुए उन पर हमला बोल दिया. देखते ही देखते लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार किए गए. गंभीर चोट लगने के बाद अखिलेश सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद हमलावर उन्हें मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए.

Advertisement

हर महीने 10 हजार रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप

अखिलेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि नामजद आरोपी चेतराम काफी समय से हर महीने 10 हजार रुपये की रंगदारी मांग रहा था. रुपये नहीं देने पर लगातार जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं.

पीड़ित ने बताया कि आरोपियों के डर और खौफ की वजह से उन्होंने पहले पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई. लेकिन जब रंगदारी नहीं मिली तो आरोपियों ने खुलेआम हमला कर दिया और उन्हें जान से मारने की कोशिश की.

अखिलेश ने पुलिस से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग भी की है. उनका कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और उन्हें अब भी अपनी जान का खतरा बना हुआ है.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, एक आरोपी हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही इंदिरानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी.

डीसीपी ईस्ट दीक्षा शर्मा ने बताया कि 17 जुलाई की रात बजरंग चौराहे पर हुई मारपीट की घटना के संबंध में पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर चेतराम, रितिक रावत, सूरज रावत, करन रावत और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.

Advertisement

एडीसीपी अमोल मुरकुटे के मुताबिक, त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज रावत को हिरासत में ले लिया गया है. वहीं, फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement