कौशाम्बी में एक युवती के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने उसे नशीली दवा खिलाकर उसके साथ कई सालों तक दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता रहा. पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
मामला करारी थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है. पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि महेवाघाट थाना क्षेत्र के रहने वाले संदीप कुमार ने उसे प्रेम जाल में फंसा लिया. इसके बाद दो वर्ष पहले उसे नशीली दवा खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया.
यह भी पढ़ें: कौशाम्बी में प्रेमी के साथ भाग गई 3 बच्चों की मां, मासूमों को लेकर थाने पहुंचा पति
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने इस दौरान उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा. विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी.
परिजनों को बताने के बाद दर्ज हुआ केस
युवती ने किसी तरह पूरी घटना अपने परिजनों को बताई. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तुरंत युवती को लेकर करारी थाने पहुंचे. यहां आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 64(1), 115(2), 352 और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया. इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई.
करारी थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान संदीप कुमार पुत्र मुंशीलाल निवासी ग्राम अंधावा, थाना महेवाघाट के रूप में हुई है.
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी की और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया. कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है.
मामले में सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि आरोपी ने दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया था.
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.