UP के हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के मुक्तेश्वरा गांव में एक शादी समारोह के दौरान रोटी पर थूक लगाने का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है. सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में एक युवक तंदूर में बनाई जा रही रोटियों पर कथित तौर पर थूक लगाकर उन्हें बना रहा है. बताया जा रहा है कि यही रोटियां बाद में बारातियों को परोसी गईं.
वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और बारातियों में गहरा आक्रोश देखने को मिला है और उन्होंने रसोइए के खिलाफ बाबूगढ़ थाना में शिकायत दी है. पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बाबूगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुनीश प्रताप सिंह ने बताया, वायरल वीडियो संज्ञान में आया है, जिसमें एक युवक थूक लगाकर रोटी को तंदूर में बनाते हुए प्रतीत हो रहा है. वीडियो की जांच कराई जा रही है और संबंधित रसोइए युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी.
गाजियाबाद से सामने आया था ऐसा ही मामला
इसी साल जनवरी में एक ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से सामने आया था. गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम क्षेत्र में दुहाई रैपिड स्टेशन के पास स्थित 'चिकन पॉइंट' नामक दुकान पर काम करने वाला एक कर्मचारी रोटियां बनाने से पहले उन पर थूक लगाता हुआ नजर आया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
किसी ने इसका वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया. वीडियो वायरल होते ही लोगों में गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने तुरंत कड़ी कार्रवाई की मांग की. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी को हिरासत में ले लिया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की हरकतें न केवल घृणित हैं, बल्कि लोगों की सेहत के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती हैं. यह पहली बार नहीं है जब गाजियाबाद में खाने-पीने की चीजों के साथ इस तरह की लापरवाही या गंदगी का मामला सामने आया हो. इससे पहले भी जूस में अशुद्ध चीजें मिलाने और अस्वच्छ तरीके से भोजन तैयार करने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं.
इन लगातार हो रही घटनाओं से आम लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न कर सके.