उत्तर प्रदेश के हापुड़ में रुपयों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. कपूरपुर थाना क्षेत्र के सालेपुर कोटला गांव में दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और मारपीट हुई. इस दौरान फायरिंग के भी आरोप लगाए गए हैं. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
बताया जा रहा है कि गांव के रहने वाले फरमान और जावेद के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई थी. शुरुआती विवाद जल्द ही बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. इसके बाद एक-दूसरे पर हमला शुरू हो गया. आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडों के साथ पत्थर भी चलाए गए और फायरिंग की गई.
यह भी पढ़ें: कांवड़ यात्रा से पहले हापुड़ प्रशासन सख्त, मीट-मछली और अंडे की दुकानें कराईं बंद
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में दो पक्ष एक-दूसरे पर पथराव करते नजर आ रहे हैं. वहीं एक युवक हाथ में लाठी लेकर हमला करता दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है.
हिस्ट्रीशीटर पर ताबड़तोड़ फायरिंग का आरोप
घटना को लेकर कपूरपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर रिजवान पर खुलेआम ताबड़तोड़ फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है. इसके अलावा हिस्ट्रीशीटर के परिवार और गैंग के सदस्यों पर भी पथराव और फायरिंग करने के आरोप लगाए गए हैं. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी.
बताया जा रहा है कि रुपये के लेनदेन को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. पथराव और फायरिंग के बीच इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
घटना के दौरान किसी ग्रामीण ने पूरे विवाद का VIDEO बना लिया. यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने में जुटी है. वीडियो के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के दौरान कौन-कौन लोग मौके पर मौजूद थे.
देखें वीडियो...
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही कपूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस बल ने मौके की स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को शांत कराया. पुलिस ने इलाके में शांति व्यवस्था कायम कराई. इसके बाद वायरल VIDEO को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है.
कपूरपुर थाना प्रभारी रघुराज सिंह ने बताया कि रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस बल को मौके पर भेजा गया और शांति व्यवस्था कायम कराई गई. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामले में अभी तहरीर मिलने का इंतजार है.
थाना प्रभारी ने कहा कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही वायरल VIDEO में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और फायरिंग व पथराव में कौन-कौन शामिल था.