उत्तर प्रदेश के हापुड़ में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के आरोप में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गैस एजेंसी को सील कर दिया है. इस कार्रवाई के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि कई उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा.
कालाबाजारी के आरोप में सील
मामला हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के ट्याला गांव स्थित महेंद्र भारत गैस एजेंसी का है. जानकारी के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं ने एजेंसी के बाहर हंगामा कर दिया और सड़क जाम कर विरोध जताया. सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया.
इसके बाद आपूर्ति विभाग ने शिकायत के आधार पर एजेंसी की जांच की. जांच के दौरान अधिकारियों को गोदाम में केवल 28 गैस सिलेंडर मिले, जबकि एजेंसी को प्रतिदिन करीब 360 सिलेंडर की सप्लाई मिलती है. अधिकारियों ने एजेंसी मालिक से स्टॉक रजिस्टर दिखाने के लिए कहा, लेकिन वह न तो मौके पर पहुंचे और न ही कोई रिकॉर्ड उपलब्ध कराया.
जांच में सिर्फ 28 सिलेंडर मिले
स्थिति को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने 28 सिलेंडरों को जब्त कर एजेंसी को सील कर दिया. इसके साथ ही एजेंसी मालिक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. इस मामले में अभिषेक पांडेय ने बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायत के बाद जांच की गई, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आई हैं. उन्होंने कहा कि गैस एजेंसी के मालिक को नोटिस जारी किया गया है और जांच के बाद एजेंसी का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी.
वहीं उपभोक्ता मतलूब ने बताया कि उन्होंने कई दिन पहले गैस बुक कराई थी, लेकिन तीन दिन से लाइन में लगने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला. परेशान होकर उन्होंने अपनी गैस पासबुक तक फाड़ दी. प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और यदि कालाबाजारी के आरोप सही पाए गए तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.