scorecardresearch
 

प्रयागराज: माफिया अशरफ के पूर्व गनर इरफान गद्दी की सरेआम हत्या, बीच सड़क पर सीने में मारी गोली

प्रयागराज के करेली इलाके में प्रॉपर्टी डीलर इरफान गद्दी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. इरफान कभी माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ का गनर रहा था. बाइक सवार बदमाशों ने गौस नगर में वारदात को अंजाम दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है.

Advertisement
X
प्रॉपर्टी डीलर इरफान गद्दी की गोली मारकर हत्या (Photo- ITG)
प्रॉपर्टी डीलर इरफान गद्दी की गोली मारकर हत्या (Photo- ITG)

प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र के गौस नगर में बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर इरफान गद्दी की गोली मारकर हत्या कर दी. यह वारदात तब हुई जब इरफान अपने घर से कुछ दूरी पर चाय पीने आया था. दो बाइकों पर आए बदमाशों ने उसके सीने में गोली मारी और मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. 

इरफान पूर्व में माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ की सुरक्षा में बंदूक लेकर चलता था. पुलिस शुरुआती जांच में इस हत्या के पीछे जमीन विवाद और पुरानी रंजिश को मुख्य कारण मान रही है.

चाय की दुकान के पास बदमाशों ने किया हमला

जानकारी के मुताबिक, इरफान गद्दी करेली के गौस नगर का निवासी था. वह अपनी दिनचर्या के अनुसार घर के पास चाय पीने निकला था, तभी हमलावरों ने उसे निशाना बनाया. गोली लगने के बाद इरफान काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा. स्थानीय लोगों ने उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य और एडिशनल डीसीपी राजकुमार मीणा ने खुद मौके पर पहुंचकर जांच की कमान संभाली.

जमीन विवाद और पुरानी रंजिश का शक

Advertisement

मृतक इरफान गद्दी के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आशिफ दुर्रानी और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस को शक है कि प्रॉपर्टी डीलिंग के काम से जुड़े होने के कारण किसी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इरफान का इतिहास माफिया अशरफ के गनर के तौर पर जुड़ा होने के कारण पुलिस हर संभावित पहलू को खंगाल रही है. अधिकारियों का कहना है कि पुरानी रंजिश के एंगल पर भी गहनता से काम किया जा रहा है.

जल्द होगा आरोपियों का खुलासा

डीसीपी मनीष शांडिल्य ने बताया कि पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं. हत्यारों की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं और छापेमारी जारी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा. फिलहाल, अतीक-अशरफ गैंग के पूर्व सदस्य की हत्या से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement