scorecardresearch
 

टेसू-झांझी का विसर्जन कर रहे थे, तेज रफ्तार कार ने रौंद डाला... यूपी के फिरोजाबाद में चार की मौत

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के छतनपुर गांव में टेसू-झांझी मूर्ति विसर्जन के दौरान तेज रफ्तार कार ने ग्रामीणों को टक्कर मार दी, जिससे चार लोगों की मौत हो गई और आठ घायल हो गए.

Advertisement
X
हादसे के बाद घटनास्थल और अस्पताल में भी हंगामे की स्थिति बन गई
हादसे के बाद घटनास्थल और अस्पताल में भी हंगामे की स्थिति बन गई

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां छतनपुर गांव में टेसू-झेंझी की मूर्तियों का विसर्जन कर रहे ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी. इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने का विरोध किया. हालांकि, पुलिस कानून के मुताबिक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है.

इस मामले में पुलिस ने कार चालक और अन्य लोगों को हिरासत में लिया है. हादसे की जांच की जा रही है. हादसे के वक्त ग्रामीणों के समूह में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे. पुलिस ने कार चालक और उसमें सवार अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया है.

फिरोजाबाद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि सड़क किनारे पैदल जा रहे ग्रामीणों के समूह को एक कार ने टक्कर मार दी. इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई और आठ अन्य घायल हुए हैं. घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है.

नशे में कार चलाने की आशंका!

Advertisement

जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में शामिल कार को जब्त कर लिया गया है. चालक और कार में सवार अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी.

डीएम संतोष कुमार शर्मा के मुताबिक, शुरुआती जानकारी से आशंका जताई जा रही है कि कार चालक शराब के नशे में हो सकता है. हालांकि, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.

यह भी पढ़िएः कार पर चढ़ गया डस्ट से भरा ट्रक, 3 दोस्तों की मौत... नूंह में दर्दनाक हादसा

मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने की कोशिश

जिलाधिकारी ने बताया कि मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क किया जा रहा है. प्रशासन की ओर से आर्थिक मदद का अनुरोध किया जाएगा.

डीएम ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है. पूरा प्रशासन और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है. घायलों के इलाज से लेकर अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement