scorecardresearch
 

मरे सांप को मुंह में डालकर बना रहा था VIDEO, अचानक बिगड़ी हालत, झाड़-फूंक में उलझे परिजन

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में हैरान करने वाला मामला सामने आया है. घर में निकले सांप को मारने के बाद एक युवक ने उसका शव बार-बार अपने मुंह में डालकर करतब दिखाना शुरू कर दिया. कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ गई. परिजन पहले झाड़-फूंक कराते रहे, बाद में गंभीर हालत में उसे हायर सेंटर रेफर किया गया.

Advertisement
X
अंधविश्वास में फंसे परिजन.(Photo: Screengrab)
अंधविश्वास में फंसे परिजन.(Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश के बिजनौर से चौंकाने वाला एक मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया के लिए खतरनाक करतब दिखाना एक युवक पर भारी पड़ गया. घर में निकले सांप को मारने के बाद उसने मृत सांप को बार-बार अपने मुंह में डालकर वीडियो बनाने और करतब दिखाने शुरू कर दिए. कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई.

हैरानी की बात यह रही कि युवक की हालत खराब होने के बावजूद परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने में लगे रहे. इससे इलाज शुरू होने में काफी देरी हो गई. जब उसकी हालत और गंभीर होने लगी तो उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया.

यह भी पढ़ें: बिजनौर जेल में बेटे से मिलने पहुंचीं मां और बहन, तलाशी में कपड़ों से निकली चरस की पुड़िया

दरअसल, यह घटना नहटौर थाना क्षेत्र के शादीपुर गांव की है. जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे 42 वर्षीय सलीम पुत्र घसीटा के घर में एक सांप निकल आया था. परिजनों के अनुसार सलीम ने सांप को मार दिया, लेकिन इसके बाद उसने ऐसा कदम उठाया जिसने सभी को हैरान कर दिया.

Advertisement

मरे सांप को मुंह में डालने लगा युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सांप को मारने के बाद सलीम का व्यवहार अचानक असामान्य हो गया. उसने मृत सांप को हाथ में उठाया और उसे बार-बार अपने मुंह के अंदर डालकर बाहर निकालने लगा. आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी.

बताया जा रहा है कि इस दौरान सांप के शरीर पर मौजूद विषैले अवशेष या अन्य दूषित तत्व उसके मुंह के जरिए शरीर में चले गए होंगे. इसके कुछ ही समय बाद उसे घबराहट महसूस होने लगी और उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी. देखते ही देखते उसकी हालत गंभीर हो गई.

गांव में मौजूद लोगों ने भी युवक को ऐसा खतरनाक करतब करने से मना किया था, लेकिन उसने किसी की चेतावनी पर ध्यान नहीं दिया. कुछ ही मिनटों में उसकी तबीयत इतनी खराब हो गई कि परिजन घबरा गए.

अंधविश्वास में फंसे परिजन, इलाज में हुई देरी

युवक की हालत गंभीर होने के बावजूद परिजन उसे सीधे अस्पताल ले जाने के बजाय स्थानीय झाड़-फूंक करने वालों के पास पहुंच गए. काफी देर तक झाड़-फूंक कराई जाती रही, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ.

देखें वीडियो...

जब सलीम की हालत लगातार बिगड़ने लगी और वह बेहोश होने लगा, तब परिजन उसे नहटौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया.

Advertisement

चिकित्सकों का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में समय पर इलाज मिलना बेहद जरूरी होता है. इलाज में देरी मरीज की स्थिति को और अधिक गंभीर बना सकती है.

डॉक्टर ने क्या बताया?

सीएचसी नहटौर के चिकित्सक डॉ. शुभम कुमार ने बताया कि परिजनों ने अस्पताल पहुंचने पर जानकारी दी कि मरीज ने मरे हुए सांप को अपने मुंह में डाल लिया था. मरीज की हालत गंभीर थी, इसलिए प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा वाले हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया.

फिलहाल युवक का इलाज हायर सेंटर में जारी है. डॉक्टर लगातार उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है. वहीं, विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे खतरनाक स्टंट या सोशल मीडिया के लिए जोखिम भरे करतब जानलेवा साबित हो सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement