scorecardresearch
 

How To Reduce Humidity In Home: बारिश के बाद उमस और चिपचिपाहट से कमरे में घुटने लगता है दम? ये 6 घरेलू तरीके तुरंत दिलाएंगे राहत

How To Reduce Humidity In Home: बारिश के बाद कमरे में बढ़ने वाली उमस, चिपचिपाहट और सीलन की बदबू अगर परेशान करती है, तो टेंशन ना लें. कुछ आसान घरेलू उपाय आपकी मदद कर सकते हैं. खिड़कियां खोलने से लेकर AC के ड्राई मोड और गीले कपड़ों को कमरे से दूर रखने तक, आज हम आपको कमरे की नमी कम करने के 6 आसान और असरदार तरीके बताने वाले हैं.

Advertisement
X
उमस भगाने के लिए AC का ड्राई मोड आपके बहुत काम आ सकता है. (Photo: ITG)
उमस भगाने के लिए AC का ड्राई मोड आपके बहुत काम आ सकता है. (Photo: ITG)

How To Reduce Humidity In Home: बारिश गर्मी से राहत जरूर देती है, लेकिन इसके साथ घर के अंदर की हवा में नमी भी काफी बढ़ जाती है. बारिश रुकने के बाद अक्सर कमरे का माहौल इतना चिपचिपा और घुटन भरा हो जाता है कि कुछ देर बैठना भी बहुत ही मुश्किल लगने लगता है. जरा देर बैठे रहने से पसीना आने लगता है, कपड़े शरीर से चिपकने लगते हैं और पंखा चलाने के बावजूद ठंडक महसूस नहीं होती. कई बार तो कमरे में सीलन की बदबू भी आने लगती है, जिससे पूरा माहौल भारी-भारी सा महसूस होता है.

दरअसल, बारिश के मौसम में हवा में मौजूद नमी घर की दीवारों, फर्श, कपड़ों और फर्नीचर तक में जमा होने लगती है. यही वजह है कि कमरे में उमस और चिपचिपाहट बढ़ जाती है. अगर घर में वेंटिलेशन ठीक न हो, तो ये परेशानी और ज्यादा बढ़ सकती है. अगर आपके घर में भी बारिश के बाद उमस, चिपचिपाहट और सीलन की समस्या बढ़ जाती है, तो परेशान ना हों. कुछ आसान और छोटे-छोटे उपायों की मदद से आप कमरे की नमी को काफी हद तक कम कर सकते हैं.

1. बारिश रुकने के बाद खिड़कियां खोलें: बारिश बंद होने के बाद अगर बाहर ज्यादा उमस नहीं है और हल्की हवा चल रही है, तो कुछ देर के लिए खिड़कियां और दरवाजे खोल दें. इससे कमरे की बंद और भारी हवा बाहर निकलती है. साथ में पंखा या एग्जॉस्ट फैन चलाने से हवा का सर्कुलेशन भी बेहतर होगा. हालांकि, बाहर हवा ना चल रही हो और ज्यादा नमी हो तो खिड़कियां खोलने से बचें.

Advertisement

2. AC का ड्राई मोड आएगा काम: कमरे में नमी ज्यादा हो तो AC का ड्राई मोड काफी मददगार हो सकता है. ये हवा की एक्स्ट्रा नमी कम करके चिपचिपाहट और घुटन को कम करता है. घर में डीह्यूमिडिफायर हो तो उसका इस्तेमाल भी किया जा सकता है.

3. कमरे में गीले कपड़े न सुखाएं: बारिश में गीले कपड़े जल्दी नहीं सूखते, लेकिन इन्हें कमरे के अंदर सुखाने से हवा में नमी और बढ़ सकती है. इसलिए कपड़े ऐसी जगह सुखाएं जहां हवा का फ्लो अच्छा हो.

4. फर्श और बाथरूम में पानी जमा न होने दें: बाथरूम, बालकनी या फर्श पर पानी जमा हो तो उसे तुरंत साफ कर दें. लंबे समय तक मौजूद नमी उमस और सीलन की समस्या बढ़ा सकती है.

5. बेडशीट और कारपेट को सुखाते रहें: बारिश के मौसम में बेडशीट, पर्दे, गद्दे और कारपेट में नमी फंस सकती है. जैसे ही धूप निकले, वैसे ही इन्हें अच्छी तरह सुखा दें, ताकि बदबू और फफूंदी की समस्या से बचा जा सके.

6. सीलन की बदबू को नजरअंदाज न करें: अगर घर में लगातार सीलन की बदबू आ रही है, तो सिर्फ रूम फ्रेशनर से काम नहीं चलेगा. दीवारों में सीलन, पानी का रिसाव या फफूंदी की वजह तलाशकर उसे ठीक करना जरूरी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement