दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के समर्थन में गुरुवार को लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए. पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आराधना मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विरोध में उतरे हैं. इस दौरान मोदी सरकार और बीजेपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई. प्रदर्शन के दौरान आराधना मिश्रा समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में भी लिए गए हैं.
पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोका
लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन उग्र होता देख पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया. इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई. विरोध के दौरान आराधना मिश्रा बैरिकेडिंग पर चढ़ गईं और नारेबाजी करने लगीं, लेकिन बड़ी संख्या में तैनात पुलिस बल ने उनको वहीं रोक दिया. इस दौरान आराधना मिश्रा समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया.
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहला बड़ा प्रदर्शन
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद लखनऊ में पहली बार आराधना मिश्र के नेतृत्व में इतना बड़ा प्रदर्शन किया गया. सभी कार्यकर्ताओं ने काला फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन किया. खास ये है कि पुलिस ने कांग्रेस पार्टी कार्यालय को ही बैरिकेडिंग लगाकर घेरा. सैकड़ों कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय के गेट पर सड़कों पर मौजूद रहे.
प्रदर्शन में साथ नहीं कांग्रेस-सपा
दिल्ली के प्रदर्शन की आग लखनऊ में भी फैली हुई है. खास ये है कि कांग्रेस और सपा यूं तो इंडिया गठबंधन में साथ-साथ हैं, लेकिन लखनऊ में अलग-अलग प्रदर्शन कर रहे हैं. ऐसे में प्रदेश स्तर पर दोनों अपना अलग-अलग प्रदर्शन कर रहे हैं.