
प्रतीक यादव के असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख प्रकट किया है. वह प्रतीक की पत्नी और बीजेपी नेत्री अपर्णा यादव से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करने उनके आवास पर जा सकते हैं. मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. हालांकि, आधिकारिक समय अभी तय नहीं है.
बता दें कि आज सुबह प्रतीक यादव का निधन हुआ था. पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर लखनऊ स्थित आवास पर लाया गया है. अखिलेश यादव, डिंपल यादव और शिवपाल यादव समेत परिवार के तमाम लोग श्रद्धांजलि देने लिए पहुंचे हैं.
अखिलेश जब प्रतीक के आवास पर पहुंचे तभी गाड़ी के पास से पैदल बीजेपी सांसद साक्षी महाराज निकल रहे थे. अखिलेश ने गाड़ी से उतरकर साक्षी महाराज को गले लगाया. साक्षी महाराज ने कहा हमारे और इनके पुराने संबंध हैं.

आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव (38) का बुधवार तड़के निधन हो गया. लखनऊ के सिविल अस्पताल में उन्हें मृत घोषित किए जाने के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर है. इस दुखद घड़ी में संवेदनशीलता दिखाते हुए भाजपा और सपा ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए महिला कार्यकर्ताओं के जिला स्तरीय प्रदर्शन टाल दिए हैं. वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव और शिवपाल सिंह यादव ने भी अपने सभी राजनीतिक दौरे और कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं. हालांकि प्रतीक सक्रिय राजनीति में नहीं थे, लेकिन यादव परिवार के सदस्य के रूप में राजनीतिक गलियारों में उनके प्रति गहरा सम्मान था. फिलहाल पूरा परिवार और समर्थक इस अपूरणीय क्षति से स्तब्ध हैं.